सोल में पहली बार 'अत्यधिक हीटवेव'अलर्ट जारी, तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान

सोल, 4 अगस्त (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया की राजधानी सोल में मंगलवार को पहली बार अत्यधिक हीट वेव (लू) की चेतावनी जारी की गई। लगातार पड़ रही भीषण गर्मी के बीच दिन का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका जताई गई है।
दक्षिण कोरिया के मौसम विज्ञान विभाग (केएमए) के हवाले से योनहाप न्यूज एजेंसी ने बताया कि, सुबह 11 बजे तक सोल के दक्षिण-पूर्वी और दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्रों में यह गंभीर चेतावनी प्रभावी हो गई। इसके तहत राजधानी के 11 प्रशासनिक जिलों (वार्ड) (गंगनम, सोंगपा, गंगसो और ग्वानाक शामिल हैं) को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
यह ‘गंभीर हीट वेव चेतावनी’ श्रेणी इस वर्ष 1 जून से देश की हीट वेव सलाह प्रणाली में पहली बार शामिल की गई थी।
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, यह चेतावनी तब जारी की जाती है जब किसी क्षेत्र में लगातार दो या अधिक दिनों तक अधिकतम अनुभव करने लायक (फील्स लाइक) तापमान 35 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक बना रहे और उसी दौरान अनुभव किया जाने वाला तापमान 38 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर पहुंच जाए, अथवा वास्तविक अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज होने की संभावना हो।
तेज होती गर्मी का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी दिखाई देने लगा है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को सोल में गर्मी से संबंधित बीमारियों के 18 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही 15 मई से अब तक ऐसे मामलों की कुल संख्या बढ़कर 185 हो गई है, जिनमें दो लोगों की मौत भी शामिल है।
शहर के सामुदायिक केंद्रों, सीनियर सिटिजन सेंटर और वेलफेयर सेंटर समेत करीब 4,000 जगहों को हीट शेल्टर होम का रूप दे दिया गया है।
गृह मंत्रालय ने भी लोगों को सजग और सतर्क रहने की सलाह दी है। एक टेक्स्ट संदेश भेज लोगों से अपील की गई कि वो दिन के सबसे गर्म समय में अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं और बुजुर्गों- बच्चों का विशेष ध्यान रखें।
–आईएएनएस
केआर/