'मेरे पापा भी मुझे इतना किस नहीं करते…' राम कपूर पर फूटा श्रेया कालरा का गुस्सा


मुंबई, 20 जुलाई (आईएएनएस)। नेटफ्लिक्स का रियलिटी शो ‘लॉक अप: सच या सजा’ इन दिनों अपने कंटेस्टेंट्स के बीच बढ़ते विवादों को लेकर लगातार चर्चा में बना हुआ है। शो में हर नए टास्क के साथ रिश्ते बदलते नजर आ रहे हैं और कई कंटेस्टेंट खुलकर एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। अब इसी बीच कंटेस्टेंट श्रेया कालरा ने राम कपूर पर पर्सनल बाउंड्री लांघने का आरोप लगाया है। उन्होंने गुस्से में कहा कि अगर राम कपूर ने दोबारा उन्हें किस करने की कोशिश की, तो वह उन्हें साफ शब्दों में मना कर देंगी और कहेंगी कि ‘मेरे पापा भी मुझे इतना किस नहीं करते।’

दरअसल, यह पूरा मामला टीम लीडर चुनने के लिए हुए वोटिंग टास्क के बाद सामने आया। इस टास्क में शिवांगी जोशी को सबसे ज्यादा वोट मिले, जिसके बाद उन्हें टीम लीडर बनाया गया। वहीं, दूसरे सबसे ज्यादा वोट हासिल करने वाली आकांक्षा चमोला को दूसरा टीम लीडर चुना गया। लेकिन इस वोटिंग के दौरान राम कपूर ने श्रेया का समर्थन नहीं किया, जिससे वह काफी नाराज हो गईं।

वोटिंग खत्म होने के बाद श्रेया कालरा, शो की कंटेस्टेंट शिल्पा शिंदे से लॉकर रूम एरिया में बातचीत करती नजर आईं। इसी दौरान उन्होंने राम कपूर के व्यवहार को लेकर कई बातें कहीं। श्रेया ने कहा कि जब शिवांगी जोशी अपना टास्क कर रही थीं, तब राम कपूर उनके काफी करीब चले गए थे। इस पर हर्षद चोपड़ा ने उन्हें थोड़ा दूर रहने के लिए कहा।

श्रेया ने बताया कि इसके बाद राम कपूर ने ‘सॉरी’ भी कहा, लेकिन उन्हें उनका यह रवैया बिल्कुल पसंद नहीं आया।

श्रेया ने बातचीत के दौरान आरोप लगाया कि राम कपूर बातचीत करते समय लोगों के बहुत करीब आ जाते हैं। हर किसी को अपनी मर्यादा बनाए रखनी चाहिए और यह समझना चाहिए कि किस हद तक किसी के करीब जाना सही है।

इसके बाद श्रेया ने अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर करते हुए कहा कि अगर राम कपूर ने दोबारा उन्हें किस करने की कोशिश की, तो वह उनका मुंह पकड़कर कहेंगी, ‘मेरे पापा भी मुझे इतना किस नहीं करते, इसलिए आप मुझे किस मत कीजिए।’

यहीं नहीं, श्रेया ने आगे कहा, ‘मैं तीन बार राम कपूर के लिए खड़ी रही, लेकिन उन्होंने मेरे समर्थन के लिए एक उंगली तक नहीं उठाई। मुझे उनकी सीनियरिटी पर शर्म आती है। ऐसे सीनियर्स पर मैं थूकती हूं।’

–आईएएनएस

पीके/पीएम


Show More
Back to top button