मुंबई महापालिका सहित अन्य नगर पालिका में महायुति का भगवा झंडा लहराएगा: एकनाथ शिंदे


मुंबई, 21 सितंबर (आईएएनएस)। मुंबई के जोगेश्वरी उत्तर पश्चिम लोकसभा क्षेत्र में शिवसेना की महत्वपूर्ण बैठक सांसद रवींद्र वायकर के नेतृत्व में आयोजित की गई। मातोश्री स्पोर्ट्स क्लब में आयोजित इस बैठक में उत्तर पश्चिम लोकसभा क्षेत्र के सभी शिवसेना कार्यकर्ता और शाखा प्रमुख मौजूद रहे। इस अवसर पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि मुंबई महापालिका सहित अन्य नगर पालिका में महायुति का भगवा झंडा लहराना निश्चित है।

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मीडिया वार्ता के दौरान कहा कि उत्तर-पश्चिम लोकसभा क्षेत्रों की बैठक में विधानसभा स्तर की समस्याओं पर चर्चा हुई और जनता ने अपनी बातें रखीं। उन्होंने बताया कि यह बैठक संगठनात्मक समीक्षा के लिए थी, जिसमें साफ हुआ कि आईटी क्षेत्र में शिवसेना-भाजपा का वर्चस्व है।

शिंदे ने कहा कि आने वाले विधानसभा और मुंबई महापालिका चुनाव में यह क्षेत्र बेहद ताकतवर साबित होगा और इसके नतीजे महायुद्ध जैसे होंगे। उन्होंने याद दिलाया कि ढाई साल मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने मुंबई के विकास के लिए कई काम किए और अब देवेंद्र फडणवीस के मार्गदर्शन में भी विकास कार्य जारी हैं।

उन्होंने कहा कि मुंबई महापालिका सहित अन्य नगर पालिका में महायुति का भगवा झंडा लहराएगा। पहले के लोग पेमेंट वाले थे, लेकिन हम विकास वाले हैं। उन्होंने 2014 से पहले और बाद की स्थिति का अंतर बताते हुए कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश का नाम और आर्थिक शक्ति वैश्विक स्तर पर बढ़ी है। विकसित भारत 2047 का सपना अब साकार होता दिख रहा है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महाराष्ट्र में अनेक विकास परियोजनाओं का उद्घाटन हुआ है। तामदे सागरी प्रकल्प, मेट्रो कार्य, बुलेट ट्रेन जैसी योजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि केंद्र सरकार महाराष्ट्र को लगातार प्राथमिकता दे रही है और डबल इंजन सरकार के कारण विकास की गति तेज हुई है।

–आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी


Show More
Back to top button