एनसीआर में तेज हवाओं का असर, ठंड बढ़ी, वायु गुणवत्ता में आंशिक सुधार


नई दिल्ली, 7 फरवरी (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में इन दिनों तेज सतही हवाओं के चलते मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। सुबह और शाम के समय लोगों को गलन भरी ठंड का एहसास हो रहा है, जबकि दिन में तेज धूप और हवाओं की वजह से तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक महसूस किया जा रहा है।

मौसम विभाग ने दिन के समय तेज सतही हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की है। भारतीय मौसम विभाग की वेबसाइट के अनुसार 7 फरवरी को अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि आर्द्रता 95 से 65 प्रतिशत के बीच रही। 8 फरवरी को सुबह के समय हल्की धुंध रहने का अनुमान है, तापमान 23 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।

वहीं 9 फरवरी को मध्यम कोहरे की संभावना जताई गई है, न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। तेज हवाओं का असर वायु गुणवत्ता पर भी देखने को मिल रहा है। दिल्ली के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स ऑरेंज और यलो जोन में दर्ज किया गया है। आनंद विहार में एक्यूआई 260, अशोक विहार में 249, बवाना में 263, चांदनी चौक में 232, रोहिणी में 259, शादिपुर में 273, विवेक विहार में 264 और वजीरपुर में 253 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है।

वहीं कुछ इलाकों में स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर रही। आयानगर में एक्यूआई 151, सीआरआरआई मथुरा रोड पर 157 और श्री अरबिंदो मार्ग पर 140 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में है। दिल्ली से सटे एनसीआर के अन्य शहरों की बात करें तो गाजियाबाद के लोनी में एक्यूआई 275, इंदिरापुरम में 252, वसुंधरा में 246 और संजय नगर में 230 दर्ज किया गया। नोएडा के सेक्टर-125 में एक्यूआई 215, सेक्टर-62 में 168, सेक्टर-1 में 204 और सेक्टर-116 में 182 दर्ज किया गया।

विशेषज्ञों के मुताबिक तेज हवाओं के कारण प्रदूषक कणों का फैलाव हो रहा है, जिससे वायु गुणवत्ता में आंशिक सुधार देखने को मिल रहा है। हालांकि, सुबह और रात के समय ठंड और गलन से लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। मौसम विभाग ने नागरिकों को सलाह दी है कि बुजुर्ग, बच्चे और सांस के रोगी सुबह-शाम बाहर निकलते समय सावधानी बरतें।

–आईएएनएस

पीकेटी/एएस


Show More
Back to top button