डॉलर इंडेक्स में कमजोरी का असर! सोना और चांदी करीब 2.70 प्रतिशत तक उछले


मुंबई, 6 मई (आईएएनएस)। डॉलर इंडेक्स में कमजोरी के चलते सोना और चांदी बुधवार को तेजी के साथ खुले और शुरुआती कारोबार में दोनों कीमती धातुओं में करीब 2.70 प्रतिशत तक की मजबूती देखने को मिली।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने का 5 जून 2026 का कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 1,49,753 रुपए के मुकाबले 2,247 रुपए या 1.5 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,52,000 रुपए पर खुला।

सुबह 9:47 पर सोना 2,085 रुपए या 1.39 प्रतिशत की मजबूती के साथ 1,51,838 रुपए पर था।

अब तक के कारोबार में सोने ने 1,52,182 रुपए का उच्चतम स्तर और 1,51,653 रुपए का न्यूनतम स्तर छुआ है।

चांदी का 3 जुलाई, 2026 का कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 2,44,316 रुपए के मुकाबले 5,000 रुपए या 2.04 प्रतिशत के उछाल के साथ 2,49,316 रुपए पर खुला।

खबर लिखे जाने तक यह 6,584 रुपए या 2.69 प्रतिशत की तेजी के साथ 2,50,900 रुपए पर थी।

अब तक के कारोबार में चांदी ने 2,49,316 रुपए का न्यूनतम स्तर और 2,52,000 रुपए का उच्चतम स्तर बनाया है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी में तेजी देखी जा रही है। खबर लिखे जाने तक कॉमेक्स पर सोना 1.92 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,656 डॉलर प्रति औंस और चांदी 3.45 प्रतिशत की तेजी के साथ 76.12 डॉलर प्रति औंस पर थी।

सोने और चांदी में तेजी की एक वजह डॉलर इंडेक्स में कमजोरी को माना जा रहा है, जो कि 0.17 प्रतिशत कमजोर होकर 98.14 पर आ गया है।

डॉलर इंडेक्स, अमेरिकी मुद्रा डॉलर की दुनिया की छह बड़ी मुद्राओं- यूरो, जापानी येन, पाउंड स्टर्लिंग, कैनेडियन डॉलर, स्वीडिश क्रोना और स्विस फ्रैंक- के मुकाबले स्थिति को दिखाता है।

आमतौर पर जब भी डॉलर इंडेक्स कमजोर होता है तो सोने और चांदी जैसी कीमती धातुओं में मजबूती देखी जा रही है।

डॉलर इंडेक्स के कमजोर होने से भारतीय रुपए में मजबूती देखी जा रही है और यह डॉलर के मुकाबले करीब 11 पैसे या 0.12 प्रतिशत की मजबूती के साथ 95.07 पर था।

–आईएएनएस

एबीएस/


Show More
Back to top button