उत्तर भारत में शीतलहर चलने से गुरुग्राम में तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा


गुरुग्राम, 14 जनवरी (आईएएनएस)। मिलेनियम सिटी के निवासियों ने 13 जनवरी को सीजन का सबसे ठंडा दिन अनुभव किया, जब पारा 2.7 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। मौसम कार्यालय ने रविवार को यह जानकारी दी।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, रविवार को पारा 2 डिग्री बढ़ गया, न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

रविवार को यहां अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस था।

आईएमडी ने कहा कि रविवार को शहर में घना कोहरा छाया रहा और सुबह के समय कई स्थानों पर दृश्यता 100 मीटर से भी कम हो गई।

आईएमडी ने सोमवार के लिए “ऑरेंज अलर्ट” जारी किया है, जिसमें ठंड से गंभीर शीत लहर का अनुमान लगाया है।

मौसम कार्यालय ने यह भी कहा है कि शहर में अगले कुछ दिनों तक ठंड की स्थिति जारी रहेगी।

आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा, “गुरुग्राम और फरीदाबाद जिलों सहित दक्षिणी हरियाणा क्षेत्र में सोमवार को भी ठंड की स्थिति और घना कोहरा रहेगा। मंगलवार से मौसम साफ होने की संभावना है। अगले दो दिनों के दौरान क्षेत्र में न्यूनतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव की संभावना नहीं है। उसके बाद तापमान में दो से तीन डिग्री की वृद्धि होने की संभावना है।”

उत्तर भारत में शीतलहर का प्रकोप जारी है। दिल्ली में शनिवार रात न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया।

मौसम कार्यालय ने कहा कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के कुछ हिस्सों में सोमवार तक “घना से बहुत घना” कोहरा छाए रहने की संभावना है।

–आईएएनएस

एसजीके


Show More
Back to top button