मई में बिक्री 15 प्रतिशत घटने का असर! फोर्स मोटर्स के शेयर 5 प्रतिशत से अधिक लुढ़के


मुंबई, 2 जून (आईएएनएस)। ऑटोमोबाइल कंपनी फोर्स मोटर्स के शेयर में मंगलवार को लगातार तीसरी बार बड़ी गिरावट देखने को मिली है। इसकी वजह मई में कंपनी का कमजोर प्रदर्शन माना जा रहा है।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर फोर्स मोटर्स का शेयर दोपहर 2:30 बजे 5.5 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 17,864 रुपए पर कारोबार कर रहा था।

मई में फोर्स मोटर्स की बिक्री सालाना आधार पर 15.35 प्रतिशत घटकर 2,614 यूनिट्स हो गई है, जो कि पिछले साल समान अवधि में 3,088 यूनिट्स थी।

घरेलू बिक्री, जिसमें छोटे वाणिज्यिक वाहन (एससीवी), हल्के वाणिज्यिक वाहन (एलसीवी), यूटिलिटी वाहन (यूवी) और स्पोर्ट्स यूटिलिटी वाहन (एसयूवी) शामिल हैं, मई 2026 में सालाना आधार पर 14.72 प्रतिशत की घटकर 2,560 यूनिट्स रह गई, जो कि पहले 3,002 यूनिट्स थी।

समीक्षाधीन महीने में निर्यात मात्रा में भी पिछले वर्ष की तुलना में 37.21 प्रतिशत की भारी गिरावट दर्ज की गई और यह 54 यूनिट रह गई।

कमजोर मासिक बिक्री प्रदर्शन ने निवेशकों के सेंटीमेंट पर नकारात्मक प्रभाव डाला, जिससे शेयर की कीमत में गिरावट आई।

बीते पांच सत्रों में एनएसई पर फोर्स मोटर्स के शेयर में करीब 10 प्रतिशत की गिरावट देखी गई है। बीते एक महीने में शेयर 8 प्रतिशत और बीते छह महीने में करीब सपाट रहा है।

बिक्री घटने के साथ कंपनी के तिमाही नतीजे भी खराब रहे।

फोर्स मोटर्स का वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में कर के बाद स्टैंडअलोन मुनाफा (पीएटी) 36.30 प्रतिशत घटकर 273.67 करोड़ रुपए रह गया, जबकि पिछले वर्ष की इसी अवधि में यह 429.64 करोड़ रुपए था।

हालांकि, कंपनी का परिचालन राजस्व इस तिमाही में वार्षिक आधार पर 8.22 प्रतिशत बढ़कर 2,549.72 करोड़ रुपए हो गया, जबकि वित्त वर्ष 2025 की चौथी तिमाही में यह 2,355.89 करोड़ रुपए था।

पिछले महीने, कंपनी ने डिलीवरी वैन, एम्बुलेंस और स्कूल बस के लिए नई फोर्स ट्रैवलर एन रेंज लॉन्च की।

नई रेंज में डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और 9 इंच की इंफोटेनमेंट स्क्रीन के साथ एक नया डिजाइन किया गया कॉकपिट, बेहतर एनवीएच स्तर, शांत केबिन अनुभव और एर्गोनॉमिक रूप से डिजाइन की गई सीटें शामिल हैं।

–आईएएनएस

एबीएस/


Show More
Back to top button