बेटी मिहिका की याद में भावुक हुईं दिव्या सेठ शाह, बोलीं- 'हर खूबसूरत चीज में आज भी महसूस होती है तुम्हारी मौजूदगी'

मुंबई, 31 मई (आईएएनएस)। मां और बेटी का रिश्ता दुनिया के सबसे भावनात्मक रिश्तों में से एक माना जाता है। जब कोई मां अपनी संतान को खो देती है, तो उस दर्द को शब्दों में बयां करना आसान नहीं होता। ऐसे ही दर्द से इन दिनों अभिनेत्री दिव्या सेठ शाह गुजर रही है। उन्होंने अपनी बेटी मिहिका शाह के निधन के बाद से उसकी यादों को संजोए हुए रखा हैं। इस बीच, रविवार को अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया और बताया कि उनकी बेटी भले ही अब इस दुनिया में नहीं है, लेकिन वह आज भी उसे अपने आसपास महसूस करती हैं।
दिव्या सेठ शाह ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए वीडियो में रोजमर्रा की जिंदगी के कई खूबसूरत पल दिखाए। वीडियो की शुरुआत खिड़की के बाहर बैठे कबूतरों से होती है। इसके बाद स्वादिष्ट भोजन की थाली, छत की दीवार पर बैठी एक चिड़िया, साथ खेलते पालतू जानवर, बच्चों के साथ बिताए पल और प्रकृति के कई सुंदर नजारे देखने को मिलते हैं। इन सबके बीच उनकी बेटी मिहिका की कई प्यारी और यादगार तस्वीरें भी दिखाई देती हैं।
इस वीडियो के साथ दिव्या ने लिखा, ”मैं हर दिन अपनी बेटी के संकेत तलाशती हूं। जहां भी नजर घूमती हैं, वहां मुझे मिहिका की मौजूदगी महसूस होती है। मुझे इस बात पर बिल्कुल भी संदेह नहीं है कि मेरे आसपास फैला प्यार, खुशी और सुंदरता मेरी बेटी की ओर से ही भेजी गई है। मैं जहां भी देखती हूं, मुझे सिर्फ अपनी बेटी ही दिखाई देती है।”
बता दें कि दिव्या सेठ शाह पहले भी कई बार अपनी बेटी मिहिका को याद करते हुए पोस्ट साझा कर चुकी हैं। वह अक्सर अपनी बेटी की तस्वीरें और उससे जुड़ी यादें अपने फैंस के साथ साझा करती रहती हैं।
अगस्त 2024 में महज 23 साल की उम्र में मिहिका शाह का निधन हो गया था। रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्हें तेज बुखार आया था और इसके बाद उनका देहांत हो गया। बेटी के निधन के बाद से दिव्या लगातार उसकी यादों को जिंदा रखने की कोशिश कर रही हैं और अपने भावनात्मक संदेशों के जरिए उसे श्रद्धांजलि देती रहती हैं।
अगर दिव्या सेठ शाह के करियर की बात करें तो वह टेलीविजन जगत का एक जाना-पहचाना नाम हैं। उन्होंने ‘हम लोग’, ‘बनेगी अपनी बात’, ‘देख भाई देख’ और ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों में अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीता है। वह दिग्गज अभिनेत्री सुषमा सेठ की बेटी हैं और लंबे समय से मनोरंजन जगत में सक्रिय हैं।
–आईएएनएस
पीके/पीएम