वेम्बली स्टेडियम में गूंजेगी दिलजीत दोसांझ की आवाज, टोरंटो में फैंस को दी बड़ी खुशखबरी

मुंबई, 1 जून (आईएएनएस)। पंजाबी संगीत को दुनिया भर में नई पहचान दिलाने वाले गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ जल्द ही लंदन के वेम्बली स्टेडियम में कॉन्सर्ट करने वाले हैं। यह वही मंच है, जहां दुनिया के कई दिग्गज कलाकार परफॉर्म कर चुके हैं। दिलजीत ने इस अवसर को ऐतिहासिक पल करार दिया। उन्होंने कहा कि यह उन सभी कलाकारों की जीत है, जो अपनी भाषा और संस्कृति को दुनिया के सबसे बड़े मंचों तक पहुंचाने का सपना देखते हैं।
इसकी जानकारी दिलजीत ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए साझा दी। उन्होंने टोरंटो में हुए अपने एक म्यूजिक कॉन्सर्ट का वीडियो पोस्ट किया। इस वीडियो में हजारों फैंस दिलजीत की परफॉर्मेंस को एन्जॉय करते दिख रहे हैं।
इस दौरान वह स्टेज से एक बड़ी खुशखबरी सुनाते हैं। वीडियो में उनका उत्साह साफ दिखाई देता है। जैसे ही वह वेम्बली स्टेडियम में परफॉर्म करने की घोषणा करते हैं, वहां मौजूद फैंस जोरदार तालियों के साथ उनका उत्साह बढ़ाते हैं।
वीडियो में दिलजीत बताते हैं कि वेम्बली स्टेडियम दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित मंचों में गिना जाता है। यहां पहले माइकल जैक्सन ने परफॉर्म किया था। इसके अलावा प्रिंस और मशहूर ब्रिटिश म्यूजिक बैंड ग्रुप क्वीन्स ने भी इस स्टेज पर परफॉर्म किया। ऐसे मंच पर पहुंचना किसी भी कलाकार के लिए गर्व की बात होती है, और मेरे लिए यह सपना सच होने जैसा है।
इस दौरान दिलजीत ने अपनी मां से जुड़ी एक बात भी साझा की। उन्होंने बताया, ”बचपन से ही मेरी मां मुझे हौसला देती थीं। जब भी कोई परेशानी आती थी या हालात मुश्किल हो जाते थे, तब मां कहती थीं कि इतनी परेशानियों के बाद जरूर कुछ अच्छा होने वाला है। मेरी मां को हमेशा भरोसा था कि उनका बेटा एक दिन बड़ी सफलता हासिल करेगा। मैं अक्सर अपनी मां से कहता कि एक दिन मैं बहुत बड़े मंच पर परफॉर्म करूंगा। मैं वेम्बली स्टेडियम का नाम लिया करता था, मेरी मां को यह नहीं पता होता था कि वेम्बली स्टेडियम आखिर कितनी नामी जगह है। इसके बावजूद उनका विश्वास कभी कम नहीं हुआ।”
दिलजीत ने पोस्ट के साथ एक छोटा सा कैप्शन भी लिखा। उन्होंने सबसे पहले टोरंटो के फैंस का दिल से धन्यवाद किया और उनके प्यार के लिए आभार जताया। उन्होंने लिखा, ”धन्यवाद टोरंटो, आपके प्यार के लिए बहुत-बहुत आभार। बड़ी खबर ये है कि 12 सितंबर 2026 को मैं लंदन के वेम्बली स्टेडियम में परफॉर्म करने जा रहा हूं।”
–आईएएनएस
पीके/एबीएम