कुछ बड़ा करने वाले हैं दिलजीत दोसांझ और एआर रहमान, 'मैं वापस आऊंगा' के गाने के लिए मिलाया हाथ…


मुंबई, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ और संगीतकार एआर रहमान दोनों ही संगीत उद्योग के बड़े नाम हैं और दोनों को ही चाहने वालों की कमी नहीं है।

अब दिलजीत दोसांझ और एआर रहमान मिलकर बड़ा धमाका करने के लिए तैयार हैं और अपने फैंस के लिए कुछ बड़ा करने वाले हैं। दोनों अपकमिंग फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ के लिए साथ आए हैं।

2026 के एक ऐतिहासिक संगीत सहयोग में दिलजीत दोसांझ और एआर रहमान, इम्तियाज अली की अपकमिंग फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ के गाने ‘क्या कमाल है’ के लिए साथ आए हैं। दोनों को मुंबई के एक म्यूजिक स्टूडियो में साथ देखा गया, हालांकि दोनों ने अपकमिंग प्रोजेक्ट पर कुछ भी कहने से किनारा कर लिया।

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ के गाने ‘क्या कमाल है’ के लिरिक्स इरशाद कामिल ने लिखे हैं, जिन्होंने कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों के गाने लिखे हैं। गीतकार ने ‘आज दिन चढ़ेया’, ‘कुन फाया कुन’, ‘तू जाने ना’, ‘मैं रंग शरबतों’ का समेत कई शानदार और रोमांटिक गाने लिखे हैं।

इम्तियाज अली की अपकमिंग फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ 12 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म का टीजर पहले ही रिलीज हो चुका है, जिसमें भारत-पाकिस्तान विभाजन पर आधारित लव-स्टोरी को दिखाया गया है। फिल्म में दिलजीत दोसांझ के अलावा, शरबरी वाघ, नसीरुद्दीन शाह, वेदांग रैना भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं।

बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब दिलजीत दोसांझ और एआर रहमान एक साथ काम कर रहे हैं। इससे पहले दिलजीत की फिल्म ‘अमर सिंह चमकीला’ में भी इम्तियाज अली के कहने पर उन्होंने संगीत का निर्माण किया था, जो 80 के दशक की वाइब देता था। इसमें ‘इश्क मिटाये’ और ‘मैनू विदा करो’ जैसे सुपरहिट गाने शामिल हैं, हालांकि ‘मैं वापस आऊंगा’ बेहद खास है क्योंकि कहा जा रहा है कि इसमें दोनों संगीत के उस्तादों की झलक एक ही गाने में सुनने को मिलने वाली है।

–आईएएनएस

पीएस/एबीएम


Show More
Back to top button