भारत और भूटान के बीच विकास सहयोग वार्ता, विदेश सचिवों ने प्रगति की समीक्षा की, कई समझौतों पर हुई चर्चा


थिम्पू, 30 जुलाई (आईएएनएस)। भारत और भूटान के विदेश सचिवों ने गुरुवार को थिम्फू में आयोजित पांचवीं भारत-भूटान विकास सहयोग वार्ता के दौरान भारत की मदद से चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति और उनके क्रियान्वयन की समीक्षा की।

भूटान स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री और भूटान के विदेश सचिव दाशो पेमा लेकटुप दोरजी ने आज भूटान की 13वीं पंचवर्षीय योजना पर आयोजित पांचवीं भारत-भूटान विकास सहयोग वार्ता की संयुक्त अध्यक्षता की। बैठक में विकास के विभिन्न क्षेत्रों में भारत द्वारा समर्थित परियोजनाओं की प्रगति और उनके कार्यान्वयन की समीक्षा की गई। भूटान ने भारत के महत्वपूर्ण सहयोग और अपने विकास में उसके योगदान की सराहना की।”

दोनों देशों के विदेश सचिवों ने वर्चुअल माध्यम से थिम्फू इकोलॉजिकल पार्क और ओलाखा पार्क का उद्घाटन भी किया। ये दोनों पार्क प्रोजेक्ट टाइड असिस्टेंस (पीटीए) के तहत ‘ग्रीन इंफ्रास्ट्रक्चर एंड ओपन स्पेसेज इन थिम्फू’ परियोजना के अंतर्गत बनाए गए हैं।

भारतीय दूतावास ने यह भी बताया कि भारत के एग्जिम बैंक और भूटान के वित्त मंत्रालय के बीच 4,000 करोड़ रुपए (आईएनआर/एनयू 40 बिलियन) की रियायती ऋण सुविधा के लिए एक समझौते का आदान-प्रदान किया गया। इसके अलावा, भारत के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्‍स) और भूटान के खेसर ग्यालपो यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिकल साइंसेज (केजीयूएमएसबी) के बीच स्वास्थ्य शिक्षा और शोध में सहयोग के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) भी साझा किया गया।

इस अवसर पर 45 इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) भी भूटान की शाही सरकार को सौंपे गए।

इससे पहले अप्रैल में, भारत के बिजली तथा आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल ने भूटान का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे से मुलाकात की और ऊर्जा सुरक्षा, जलविद्युत सहयोग, सांस्कृतिक संबंधों तथा दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी जुड़ाव को और मजबूत बनाने पर चर्चा की।

मंत्री ने कहा था कि भारत हर स्तर पर भूटान के साथ साझेदारी के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत और भूटान के बीच भरोसे, सद्भावना और आपसी सम्मान पर आधारित एक अनोखी और मजबूत साझेदारी है।

–आईएएनएस

एवाई/डीकेपी


Show More
Back to top button