'देसी ब्लिंग' का ट्रेलर रिलीज, एक्ट्रेस तेजस्वी प्रकाश बोलीं-ये रियलिटी और फिक्शन का अनोखा मेल


मुंबई, 11 मई (आईएएनएस)। रियल लाइफ कपल करण कुंद्रा और तेजस्वी प्रकाश की जिंदगी पर आधारित रियलिटी शो “देसी ब्लिंग” के मेकर्स ने सोमवार को शो का ट्रेलर जारी किया। इसके बाद तेजस्वी ने कहा कि यह शो उनके अब तक के काम से काफी अलग है, क्योंकि रियलिटी और फिक्शन का ऐसा मेल बहुत कम देखने को मिलता है।

20 मई से प्रीमियर होने वाले इस शो के बारे में तेजस्वी ने कहा, “यह शो मेरे लिए बेहद खास सफर रहा है। यह दुबई की चमकदार दुनिया की खूबसूरत झलक दिखाता है, लेकिन साथ ही इसमें क्लासिक देसी मसाले का भी पूरा तड़का है। इसमें इमोशंस, रिश्ते और ड्रामा सब कुछ है, जो दर्शकों को बांधे रखेगा।

उन्होंने कहा, “नेटफ्लिक्स और माजेन लहम की आभारी हूं कि उन्होंने हमारी जिंदगी में इतनी दिलचस्पी दिखाई।”

ट्रेलर में शानदार यॉट पार्टियां, लग्जरी फैशन, बदलते रिश्ते, भावनात्मक टकराव और हाई-प्रोफाइल सोशल ड्रामा की झलक देखने को मिलती है। इसमें दिखाया गया है कि इस दुनिया में दिखावा ही सब कुछ है और गॉसिप लेम्बॉर्गिनी से भी तेज रफ्तार से फैलती है।

जैसे-जैसे करण और तेजस्वी इस चमकदार लेकिन तनावपूर्ण माहौल में आगे बढ़ते हैं, ग्लैमर और अव्यवस्था के बीच की रेखा धुंधली होती नजर आती है। ट्रेलर में टाइगर श्रॉफ, शिल्पा शेट्टी, सनी लियोनी और विवेक ओबेरॉय समेत हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की कई मशहूर हस्तियों की झलक भी दिखाई गई।

करण कुंद्रा ने कहा कि “देसी ब्लिंग” ने उन्हें और तेजस्वी को ऐसी दुनिया में कदम रखने का मौका दिया, जो उनके लिए बिल्कुल नई थी।

उन्होंने कहा, “हां, इसमें ग्लैमर और लग्जरी है, लेकिन जिसने हमें सबसे ज्यादा चौंकाया, वह यहां के रिश्ते, लोग और उनके बीच की जटिलताएं थीं। यह रोमांचक, अप्रत्याशित और कई मायनों में बेहद वास्तविक है। हम उत्साहित हैं कि दुनियाभर के दर्शक इस सफर को हमारे साथ नेटफ्लिक्स पर देखेंगे।”

इस शो में रियल एस्टेट कारोबारी और अनाक्स होल्डिंग के चेयरमैन सतीश सनपाल और तबिंदा सनपाल, उद्यमी और डिसीसिव जोन के सीईओ द्युति पर्रुक, उनकी पत्नी इरीना किनाख, दुबई के अरबपति कारोबारी रिजवान साजन, अदेल और सना साजन, पामेला सेरेना, कंटेंट क्रिएटर बहनें अलीजे और लैली मिर्जा, और ज्योतिषी एवं टैरो रीडर जानवी गौर भी नजर आएंगी।

–आईएएनएस

वीसी


Show More
Back to top button