दिल्ली: सीएम रेखा गुप्ता ने प्रदूषण नियंत्रण में दिल्ली मेट्रो की भूमिका को सराहा

नई दिल्ली, 4 फरवरी (आईएएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि राजधानी को स्वच्छ, प्रदूषण-मुक्त और खूबसूरत बनाने की दिशा में दिल्ली सरकार ने एक और अहम कदम सफलतापूर्वक पूरा किया है। उन्होंने बताया कि दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के अंतर्गत दिल्ली क्षेत्र के सभी 143 एलिवेटेड मेट्रो स्टेशनों पर मिस्ट स्प्रे सिस्टम या एंटी-स्मॉग गन (एएसजी) लगाने का लक्ष्य निर्धारित समय से पहले हासिल कर लिया गया है। मुख्यमंत्री ने मेट्रो के इस प्रयास की सराहना की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वायु प्रदूषण से निपटना सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए जमीनी स्तर पर ठोस और व्यावहारिक कदम उठाए जा रहे हैं। इसी के तहत मेट्रो जैसे व्यस्त और संवेदनशील क्षेत्रों में अब तक 131 मिस्ट स्प्रे सिस्टम और 12 एंटी-स्मॉग गन स्थापित की जा चुकी हैं। जहां तकनीकी कारणों से मिस्ट स्प्रे लगाना संभव नहीं था, वहां एंटी-स्मॉग गन लगाई गई हैं ताकि प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों में कोई कमी न रहे।
उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था के अंतर्गत 89 ऑन-रोड और 54 ऑफ-रोड एलिवेटेड मेट्रो स्टेशन शामिल हैं। यह पहल राजधानी की हवा की गुणवत्ता सुधारने के साथ-साथ यात्रियों और आम नागरिकों को अधिक स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने में सहायक होगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ दिल्ली के सौंदर्यीकरण पर भी सरकार बराबर ध्यान दे रही है। इसी दिशा में दिल्ली मेट्रो के विभिन्न कॉरिडोर पर स्थित 50 पिलर्स पर आर्टवर्क का कार्य पूरा कर लिया गया है। इन कलाकृतियों में प्रकृति, फूलों, पक्षियों और भारतीय सांस्कृतिक प्रतीकों को उकेरा गया है, जो शहर की पहचान और आकर्षण को और निखारेंगे।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार का संकल्प राजधानी को केवल प्रदूषण से राहत दिलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उसे एक सुंदर, जीवंत और विश्वस्तरीय शहर के रूप में विकसित करना है। मेट्रो स्टेशनों पर मिस्ट स्प्रे, एंटी-स्मॉग गन और पिलर्स पर किया गया आर्टवर्क इसी व्यापक दृष्टिकोण का हिस्सा है। आने वाले समय में भी सरकार पर्यावरण संरक्षण और शहरी सौंदर्यीकरण के लिए ऐसे ही प्रभावी कदम उठाती रहेगी।
मुख्यमंत्री ने इस पूरे अभियान में सहयोग देने वाले सभी विभागों और एजेंसियों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार और संस्थाओं के आपसी समन्वय से ही दिल्ली को एक स्वच्छ और बेहतर राजधानी बनाया जा सकता है।
–आईएएनएस
एमएस/