दिन में लू के थपेड़ों से भट्ठी बना दिल्ली-NCR, बिहार-बंगाल समेत इन राज्यों में बदलेगी फिजा

दिन में लू के थपेड़ों से भट्ठी बना दिल्ली-NCR, बिहार-बंगाल समेत इन राज्यों में बदलेगी फिजा

दिल्ली-NCR सहित पूरे उत्तर भारत में हीटवेव और बढ़ते तापमान ने लोगों का जीना मुहाल किया हुआ है। दिन में झुलसाने वाली धूप तो रात में चलने वाली गर्म हवाओं ने लोगों का बुरा हाल कर रखा है। दिल्ली में लू को लेकर अगले दो दिनों के लिए ‘येलो’ अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली भीषण गर्मी की चपेट में है और बुधवार तक इसके जारी रहने की उम्मीद है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, दिल्लीवासियों को गुरुवार और शुक्रवार को कुछ राहत मिल सकती है।

दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में लू से लेकर भीषण लू की स्थिति बनी रहेगी। वहीं,  हिमाचल प्रदेश, जम्मू संभाग, उत्तरी मध्य प्रदेश और उत्तरी छत्तीसगढ़ के अलग-अलग इलाकों में लू की स्थिति संभव है। मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में रातें गर्म रहने की संभावना है।

कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम? 

मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए अलर्ट जारी किया है जिसमें मंगलवार और बुधवार के लिए येलो अलर्ट की चेतावनी दी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में लू की स्थिति बनी रहेगी। अधिकतम तापमान 45 और न्यूनतम 33 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। इस दौरान हवा की गति भी 35 से 45 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है।

यूपी के कई जिलों में रेड अलर्ट जारी 

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू से लोग बेहाल हो चुके हैं. आलम यह है कि यूपी का प्रयागराज एक बार फिर देश के सबसे गर्म शहरों में से एक रहा। 17 जून को प्रयागराज में अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वाराणसी में हीट स्ट्रोक के कारण सोमवार देर रात तक 32 लोग की मौत हो गई। मौसम विभाग ने कई जिलों में 20 जून तक लू का रेड अलर्ट जारी किया है। 

बिहार में जल्द दस्तक देने वाला है मानसून 

बिबार में प्रचंड गर्मी से राजधानी पटना समेत दक्षिण बिहार के जिले त्राहि-त्राहि कर रहे हैं। भीषण लू की वजह से जहां दिन तपने के साथ जल रहा है, वहीं रात में लोग बेचैन हैं। दिन में गर्म पछुआ हवा का प्रवाह तो रात में पुरवा हवा के कारण उमस भरी गर्मी लोगों का जीना मुहाल किए हुए है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, दक्षिण पश्चिम मानसून (Monsoon In Bihar) का असर अगले तीन से चार दिनों में दिखाई पड़ने लगेगा। हालांकि, 21-23 जून के आसपास मानसून की गतिविधि के कारण राजधानी समेत सभी जिलों में वर्षा के आसार जताए गए हैं। मौसम विभाग की ओर से मानसून आने को लेकर निश्चित तिथि निर्धारित नहीं की गई है।

अगले 24 घंटों में कहां-कहां होगी बारिश? 

बारिश की बात करें तो अगले 24 घंटों के दौरान, 17 से 20 जून के बीच असम और मेघालय में मध्यम से भारी बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है, जिससे व्यापक जलभराव और बाढ़ की स्थिति पैदा हो सकती है। इसके अलावा, दक्षिण मध्य प्रदेश, विदर्भ, मराठवाड़ा, तेलंगाना, सिक्किम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, दक्षिण ओडिशा और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, तटीय कर्नाटक, केरल, आंध्र प्रदेश, लक्षद्वीप, आंतरिक ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल में हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद जताई गई है।

E-Magazine