दीपिका चिखलिया का बड़ा खुलासा, बताया कब शुरू हुई थी 'रामायण' की शूटिंग


मुंबई, 9 मार्च (आईएएनएस)। रामानंद सागर द्वारा निर्देशित लोकप्रिय धारावाहिक ‘रामायण’ दर्शकों के दिलों में खास पहचान रखती है। इसके सभी पात्रों को दर्शक आज भी न सिर्फ पसंद करते हैं, बल्कि उन्हें ‘भगवान’ भी मानते हैं।

घर-घर में उनकी तस्वीरें पूजी जाने लगीं। लक्ष्मण, हनुमान, और रावण जैसे अन्य किरदारों ने भी अभिनेताओं को नई पहचान दी। यह सीरियल इतना लोकप्रिय हुआ कि लोग रविवार की सुबह टीवी के सामने बैठकर इंतजार करते थे। वहीं, कोविड-19 महामारी के दौरान साल 2020 में जब देश लॉकडाउन में था तो इस धारावाहिक को फिर से प्रसारित किया गया था। इस बार भी यह काफी हिट रहा और लोगों ने फिर से इसे बड़े चाव से देखा था।

हालांकि, बहुत से कम लोगों को पता होगा कि धारावाहिक की शूटिंग कब शुरू हुई थी। सोमवार को अभिनेत्री दीपिका चिखलिया ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए खुलासा किया कि रामायण की शूटिंग 9 मार्च को ही शुरू हुई थी।

धारावाहिक ‘रामायण’ में सीता का किरदार निभा चुकीं अभिनेत्री दीपिका ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें लिखा, “9 मार्च को ही दिन ‘रामायण’ की शूटिंग शुरू हुई थी।”

यह धारावाहिक दूरदर्शन के इतिहास का एक सुनहरा अध्याय है। रामानंद सागर ने इसे बड़ी मेहनत से बनाकर इतिहास रचा था। आज के समय में जब भी रामायण की बात होती है, तो उनके द्वारा बनाई धारावाहिक और उसके पात्र ही सबको याद आते हैं। इसमें रामानंद सागर ने न सिर्फ ‘रामायण’ से लोगों का मनोरंजन किया था, बल्कि भारतीय संस्कृति और राम-सीता की शिक्षाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाया था।

बता दें कि साल 1987 में पहली बार टीवी पर ‘रामायण’ प्रसारित की गई थी। उस समय लोगों के घरों में टीवी नहीं हुआ करते थे, जिस वजह से एक-दूसरे के घरों में या किसी दुकान पर धारावाहिक देखने के लिए घंटों पहले टीवी के सामने बैठकर ‘रामायण’ के शुरू होने का इंतजार किया करते थे।

अभिनेत्री दीपिका चिखलिया ने ‘रामायण’ के अलावा कई टीवी सीरियल्स और फिल्मों में भी काम किया, लेकिन उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता ‘रामायण’ में निभाए उनके सीता के किरदार से मिली थी।

–आईएएनएस

एनएस/डीकेपी


Show More
Back to top button