एनसीआर में धूल भरी आंधी से छाया अंधेरा, गिरा तापमान

नोएडा, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में शुक्रवार शाम मौसम ने एक बार फिर करवट ली और तेज धूल भरी आंधी चलने के कारण शाम होते ही अंधेरा छा गया। राहगीरों और वाहन चालकों को इससे काफी दिक्कत हुई।
इस तेज हवा के चलते और मौसम खराब होने के कारण कई जगह जाम की स्थिति देखने को मिली।
मौसम विभाग ने पहले ही 11 और 12 अप्रैल को तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया था। विभाग के मुताबिक, 13 अप्रैल से मौसम सामान्य होने की संभावना जताई गई है।
गुरुवार को भी इस तरह का मौसम उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बना था। गुरुवार शाम से ही नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली में तेज हवाओं और आंधी के साथ बारिश हुई है।
मौसम विभाग ने तेज हवा, आंधी और बारिश का अलर्ट जारी करते हुए बताया है कि इसके बाद अचानक बढ़ते पारे में गिरावट दर्ज की जाएगी। शुक्रवार को तेज तूफान और आंधी के साथ-साथ अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहा। अनुमान है कि 12 अप्रैल को न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।
मौसम विभाग ने बताया है कि 12 अप्रैल को भी ऐसा ही मौसम बना रहेगा। अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
इसके बाद, एक बार फिर 13 अप्रैल से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।
मौसम विभाग के मुताबिक, 13 अप्रैल को अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इसके अगले दिन 14 अप्रैल को एक बार फिर अधिकतम तापमान 39 डिग्री के पार पहुंचने की संभावना जताई गई है और न्यूनतम तापमान भी 22 डिग्री सेल्सियस के पास रहेगा। इसी प्रकार, 15 अप्रैल को अधिकतम तापमान 41 डिग्री के पार पहुंचने की संभावना है जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है।
–आईएएनएस
पीकेटी/एबीएम/एकेजे