हाइट और वेट पूछकर मिला 'धुरंधर: द रिवेंज' में बड़े साहब का रोल, दानिश के लिए आसान नहीं था किरदार निभाना


मुंबई, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। आदित्य धर की ‘धुरंधर: द रिवेंज’ बॉक्स ऑफिस पर कमाई के मामले में सारे रिकॉर्ड तोड़ रही है। फिल्म वैश्विक स्तर पर 1,600 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार कर चुकी है।

फिल्म में कुछ ऐसे किरदार शामिल हैं, जिनका स्क्रीन स्पेस कम रहा, लेकिन उनकी चर्चा बहुत हो रही है। उन्हीं किरदारों में से एक हैं, दानिश इकबाल का दाऊद का किरदार। इस किरदार ने दानिश इकबाल को रातों-रात लोकप्रियता दिलाई थी। लेकिन, क्या आप जानते हैं कि उन्हें यह किरदार मिला कैसे?

‘धुरंधर: द रिवेंज’ में बड़े साहब का रोल निभाकर दानिश इकबाल टॉक ऑफ द टाउन बन चुके हैं। फिल्म में उनके अभिनय की खूब तारीफ हो रही है, लेकिन जिस तरीके से उन्हें किरदार के लिए अप्रोच किया गया, वह काफी अलग था। खुद अभिनेता ने इसकी स्टोरी अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट कर बताई है।

अभिनेता कहते हैं कि मेरे पास मैसेज आता है कि आपकी हाइट और वेट कितना है। पहले लगता है कि कास्टिंग कर रहे हैं या क्या कर रहे हैं। फिर मैं बता देता हूं, और तो मुझसे कहा जाता है कि यह किरदार की मांग है। फिर कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा का फोन आता है कि ऐसे-ऐसे दाऊद का किरदार है। उस वक्त भी उन्होंने पूरा नाम नहीं लिया था, तो लगा कि यह किसी किरदार का नाम है।

मेकर्स ने पूरी कोशिश की कि फिल्म रिलीज से पहले सस्पेंस बना रहे क्योंकि यही छोटे-छोटे किरदार फिल्म में जान डाल देंगें और हुआ भी ऐसा ही। इससे पहले अभिनेता ने एक इंटरव्यू में खुलासा किया था कि बड़े साहब के किरदार के लिए उन्हें लगातार कई घंटों तक मेकअप करवाने के लिए बैठे रहना पड़ता था।

उन्होंने बताया था, “अगर मेरी शिफ्ट सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक होती, तो मैं सुबह 3 बजे तक सेट पर होता था। मुझ पर पांच से छह लोग काम करते थे और इसमें लगभग नौ घंटे लग जाते थे। प्रोस्थेटिक लगवाने की प्रक्रिया जितनी थकाने वाली थी, उतनी ही पाबंदियों से भी भरी थी। सांस लेने में दिक्कत होती थी। प्रक्रिया पूरी होने के बाद कुछ खा-पी नहीं सकते। अंदर पसीना आता रहता था और घुटन महसूस होती थी। मैं पूरा दिन सिर्फ तरल पदार्थों पर ही निर्भर था। बस थोड़ा सा जूस, कभी-कभी ऊर्जा के लिए थोड़ी सी डार्क चॉकलेट खा लेता था।”

–आईएएनएस

पीएस/एबीएम


Show More
Back to top button