पंजाब: अमृतसर में सीमा पार तस्करी का भंडाफोड़, 25 किलो हेरोइन के साथ दो गिरफ्तार


अमृतसर, 8 फरवरी (आईएएनएस)। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने पंजाब पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में सीमा पार नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। अमृतसर में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने हेरोइन और हथियारों के जखीरे के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

पंजाब पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि सीमा पार नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी के खिलाफ अमृतसर ग्रामीण में एक बड़ी सफलता हासिल की है।

उन्होंने बताया कि बीएसएफ ने पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में 25 किलो हेरोइन, 2 पिस्तौल और 60 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस दौरान अमृतसर ग्रामीण स्थित घोघा क्षेत्र के रहने वाले दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।

डीजीपी ने बताया कि पंजाब पुलिस सीमा पार नशीले पदार्थों से जुड़े आतंकी नेटवर्क को खत्म करने और पंजाब को नशामुक्त बनाने के अपने संकल्प पर अडिग है।

इससे पहले शनिवार को पंजाब की गुरदासपुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए संगठित मादक पदार्थों के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया। इस दौरान दो लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से एक उत्तर प्रदेश और अमृतसर का निवासी है। पुलिस ने दो अलग-अलग एनडीपीएस मामलों में 11 किलोग्राम हेरोइन (3 किलोग्राम + 8 किलोग्राम) की भारी खेप और 5.75 लाख रुपए ड्रग मनी बरामद की।

एनडीपीएस अधिनियम के तहत दीनानगर पुलिस स्टेशन और दोरंगला पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई। नेटवर्क के आगे और पीछे के संबंधों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

पंजाब पुलिस नशीली दवाओं के खिलाफ शून्य सहिष्णुता नीति के लिए दृढ़ संकल्पित है और नशामुक्त, सुरक्षित पंजाब सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

इससे पहले 4 फरवरी को पंजाब पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ एक बड़ी और अहम कार्रवाई करते हुए सीमा पार से चल रहे ड्रग तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया। खुफिया सूचना के आधार पर अमृतसर की काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने यह ऑपरेशन चलाया, जिसमें चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। ये सभी आरोपी अमृतसर जिले के थाना घरिंडा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव डाओके के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

–आईएएनएस

एमएस/


Show More
Back to top button