कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 मेडलिस्ट झंडू कुमार और मुथुपंडी राजा ने कहा- देश के लिए गोल्ड जीतना है अगला लक्ष्य


नई दिल्ली, 27 जुलाई (आईएएनएस)। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पुरुषों के पैरा पावरलिफ्टिंग इवेंट में भारतीय पैरा पावरलिफ्टर झंडू कुमार ने कांस्य पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया। नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचने पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

झंडू कुमार ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, “आज का दिन मेरे लिए बहुत खास है। मुझे जो प्यार और समर्थन मिला है, उसके लिए मैं सभी का आभारी हूं। यह मेरे लिए बेहद प्रेरणादायक है। भारत के लिए पदक जीतना और देश का तिरंगा ऊंचा लहराते देखना गर्व की बात है।”

उन्होंने कहा, “देश के लिए मैंने पहला मेडल जीता। हालांकि, स्वर्ण पदक नहीं जीत पाने का थोड़ा अफसोस है। अगली बार और अधिक मेहनत करके गोल्ड जीतने की कोशिश करूंगा। यह मेडल देश के लिए बहुत जरूरी है। जब से साईं में सेलेक्शन हुआ, तब से हमने अच्छा प्रदर्शन किया। वर्ष 2025 में चीन में देश के लिए ब्रॉन्ज मेडल जीता था। इसके बाद थाईलैंड में जाकर ब्रॉन्ज मेडल देश को दिलाया। इस बार थोड़ी सी तकनीकी कमी रह गई; आगे उसको दूर करने की कोशिश करूंगा।”

इस बीच, कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पुरुषों के 65 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग इवेंट में रजत पदक जीतने वाले मुथुपंडी राजा ने आईएएनएस से कहा, “मैं स्वर्ण पदक जीतने के लक्ष्य के साथ उतरा था, लेकिन ट्रेनिंग के दौरान जैसा प्रदर्शन कर रहा था, वैसा नहीं कर सका। इसके बावजूद रजत पदक जीतकर खुश हूं। मैं भारतीय खेल प्राधिकरण (साई), इंडियन वेटलिफ्टिंग फेडरेशन और अपने कोच विजय शर्मा को इस पूरे सफर में मेरा साथ देने और इस मुकाम तक पहुंचने में मेरी मदद करने के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं।”

वहीं, पुरुषों के 55 किलोग्राम बॉक्सिंग वर्ग के राउंड ऑफ-16 में पाकिस्तान के सुमामा रहमान को हराने वाले भारतीय मुक्केबाज जदुमणि सिंह मंदेंगबाम ने आईएएनएस से कहा, “भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले का महत्व सभी जानते हैं। मेरा पूरा ध्यान भारत को जीत दिलाने पर था और आज मैं अपने लक्ष्य में सफल रहा।”

भारतीय पुरुष हॉकी टीम के खिलाड़ी आशीष तानी पूर्ति ने कहा, “क्वालिफाई करने के बाद टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है। हम आगे भी कड़ी मेहनत करेंगे और अगले मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए गोल्ड मेडल लाने की कोशिश करेंगे।”

–आईएएनएस

एसडी/एएस


Show More
Back to top button