'कर दिखाया', जम्मू-कश्मीर के रणजी ट्रॉफी चैंपियन बनने पर सीएम उमर अब्दुल्ला ने दी बधाई


श्रीनगर, 28 फरवरी (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम ने इतिहास रच दिया है। फाइनल में आठ बार की चैंपियन कर्नाटक को पछाड़ते हुए जम्मू-कश्मीर ने पहली बार रणजी ट्रॉफी का खिताब अपने नाम कर लिया है।

जम्मू-कश्मीर के चैंपियन बनने पर पूरे राज्य में हर्ष का माहौल है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने टीम को बधाई दी है।

उमर अब्दुल्ला ने एक्स पर जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम का जश्न मनाते हुए एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, ‘कर दिखाया, वेलडन जम्मू-कश्मीर’।

मैच की बात करें तो हुबली के डी.आर. बेंद्रे क्रिकेट स्टेडियम में कर्नाटक के खिलाफ खेले गए मुकाबले में जम्मू-कश्मीर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। शुभम पुंडिर के 121, यावेर हसन खान के 88, साहिल लोतरा के 72, कन्हैया वधावन के 70, और कप्तान पारस डोगरा के 70 रन की बदौलत जम्मू-कश्मीर ने पहली पारी में 584 रन बनाए थे।

कर्नाटक की पहली पारी 293 रन पर समाप्त हो गई थी। कर्नाटक के लिए कप्तान मयंक अग्रवाल ने 160 रन की पारी खेली थी। इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर नहीं टिक सका।

जम्मू-कश्मीर के लिए औकिब नबी ने 5, सुनील कुमार और युदवीर सिंह ने 2-2, जबकि साहिल लोतरा ने 1 विकेट लिया।

पहली पारी में 291 रन की बड़ी बढ़त लेने वाली जम्मू-कश्मीर ने दूसरी पारी में 11 रन पर 2 विकेट गंवाने के बावजूद जोरदार वापसी की और दमदार बल्लेबाजी की। दूसरी पारी जम्मू-कश्मीर ने 4 विकेट पर 342 रन बनाकर घोषित की।

सलामी बल्लेबाज कामरान इकबाल 160 और साहिल लोतरा 101 रन पर नाबाद रहे। दोनों के बीच 197 रन की नाबाद साझेदारी हुई। साहिल का शतक पूरा होते ही कप्तान पारस डोगरा ने पारी घोषित कर दी।

इसके बाद मैच को ड्रॉ घोषित किया गया और पहली पारी में मिली बढ़त के आधार पर जम्मू-कश्मीर को चैंपियन चुना गया। शुभम पुंडिर प्लेयर ऑफ द मैच रहे, जबकि औकिब नबी प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे।

–आईएएनएस

पीएके


Show More
Back to top button