मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने दक्षिण कोलकाता सेवाश्रम के बच्चों को लिखी चिट्ठी, तोहफे में भेजी फैन जर्सी


नई दिल्ली, 19 जुलाई (आईएएनएस)। फीफा वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल अर्जेंटीना और स्पेन के बीच रविवार देर रात (भारतीय समय के अनुसार) खेला जाना है। भारत में भी फुटबॉल के महाकुंभ के खिताबी मुकाबले को लेकर गजब का उत्साह देखा जा रहा है। इस बीच पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने दक्षिण कोलकाता सेवाश्रम में रहने वाले 57 बच्चों को एक खास चिट्ठी और खास तोहफे भेजे हैं।

मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सेक्रेटरी सुभेंद्र मौलिक को एक खास चिट्ठी भेजी, जिसमें इस बात पर जोर दिया गया कि फीफा वर्ल्ड कप अनुशासन और सपने देखने की हिम्मत का जश्न मनाता है। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया है कि फुटबॉल बच्चों में खुशी और आत्मविश्वास जगाएगा, जिससे उन्हें अपने सपनों को साकार करने में मदद मिलेगी। चिट्ठी के अलावा, मुख्यमंत्री ने फुटबॉल और हर बच्चे के नाम वाली खास फैन जर्सी भी भेजीं।

अब तक का सबसे बड़ा फीफा वर्ल्ड कप रोमांचक मोड़ पर है। टूर्नामेंट की दो बेहतरीन टीमें मेटलाइफ स्टेडियम में फुटबॉल के सबसे बड़े इवेंट के फाइनल में आमने-सामने होंगी। कप्तान मेसी फिर से टीम की अगुवाई कर रहे हैं। उन्होंने 8 गोल किए हैं और 4 अहम असिस्ट दिए हैं, जिससे अर्जेंटीना बिना कोई मैच हारे फाइनल तक पहुंची है। 39 साल के मेसी शायद फुटबॉल के सबसे बड़े मंच पर अपना आखिरी मैच खेल रहे होंगे। वह अपने करियर का सुखद अंत करना चाहेंगे और अर्जेंटीना को 1962 में ब्राजील के बाद अपना खिताब सफलतापूर्वक बचाने वाली पहली टीम बनाने में मदद करना चाहेंगे।

उनके रास्ते में 19 वर्षीय युवा खिलाड़ी लामिन यमाल खड़े हैं। यमल के अलावा, स्पेन की मजबूत डिफेंस भी उनके रास्ते में खड़ी है। रोड्री की टीम ने पूरे टूर्नामेंट में विरोधियों को बहुत कम मौके दिए हैं। आंकड़े भी उनकी शानदार खेल का सबूत हैं; टीम ने अब तक सिर्फ एक गोल खाया है। फाइनल तक बिना हारे पहुंचने में उनकी डिफेंस तकनीक और एकजुटता ने अहम भूमिका निभाई है।

जहां मिकेल ओयारजाबल पांच गोल के साथ टीम के टॉप स्कोरर बनकर उभरे हैं, वहीं युवा सनसनी यमल ने विंग्स पर शानदार खेल दिखाया है और कप्तान रोड्री ने मिडफील्ड को संभाला है। एक ओर अर्जेंटीना गत चैंपियन है, तो दूसरी तरफ स्पेन ने आखिरी बार 2010 में वर्ल्ड कप जीता था। वे 16 साल के इंतज़ार को खत्म करना चाहेंगे और फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में दो ट्रॉफी जीतने वाली सातवीं टीम बनना चाहेंगे।

–आईएएनएस

आरएसजी


Show More
Back to top button