मार्च में बंपर बिक्री, कार कंपनियों ने बनाए नए रिकॉर्ड

नई दिल्ली, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। देश के ऑटोमोबाइल सेक्टर के लिए मार्च का महीना काफी अच्छा रहा है और इस दौरान कंपनियों ने रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की है। इसकी वजह नए लॉन्च और घरेलू बाजारों में मांग मजबूत होना है।
किआ इंडिया ने मार्च में रिकॉर्ड बिक्री है और इस दौरान यह सालाना आधार पर 14.5 प्रतिशत बढ़कर 29,112 यूनिट्स हो गई है। यह कंपनी द्वारा भारत में एंट्री के बाद किसी महीने की गई बिक्री का अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है।
इससे पहले मार्च 2025 में कंपनी ने 25,525 यूनिट्स की बिक्री की थी।
कंपनी ने जनवरी-मार्च तिमाही में 84,316 यूनिट्स की बिक्री के साथ अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ तिमाही प्रदर्शन दर्ज किया, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि के 75,576 यूनिट्स से 11.6 प्रतिशत अधिक है।
कंपनी की बिक्री में मुख्य योगदान किआ सेल्टोस, किआ सोनेट और किआ कैरेंस का रहा। किआ सेल्टोस की मार्च में बिक्री 10,000 यूनिट्स से अधिक रही।
मार्च में हुंडई मोटर इंडिया ने भी रिकॉर्ड प्रदर्शन करने वाली कंपनियों की सूची में अपना नाम दर्ज कराया और घरेलू बाजार में अब तक की सबसे अधिक तिमाही बिक्री दर्ज की।
कंपनी ने वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में कुल 2,08,275 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की, जो पिछले वर्ष की तुलना में 8.7 प्रतिशत अधिक है।
इस दौरान घरेलू बिक्री 8.5 प्रतिशत बढ़कर 1,66,578 यूनिट्स हो गई, जबकि निर्यात 9.4 प्रतिशत बढ़कर 41,697 यूनिट्स हो गया।
केवल मार्च महीने में ही हुंडई ने 69,004 यूनिट्स बेचीं, जिसमें घरेलू बिक्री 6.3 प्रतिशत बढ़कर 55,064 यूनिट्स हो गई, हालांकि, निर्यात में नरमी देखी गई।
मार्च तिमाही में जर्मन कार कंपनी स्कोडा का प्रदर्शन भी अच्छा रहा।
कंपनी ने 2026 की पहली तिमाही में 20,028 कारें बेचीं, जो पिछले साल की इसी अवधि में बेची गई 17,138 यूनिटों की तुलना में 17 प्रतिशत अधिक है।
यह वृद्धि स्कोडा काइलाक जैसे मॉडलों की मजबूत मांग के कारण हुई, जिसने हाल ही में 50,000 बिक्री का आंकड़ा पार किया, साथ ही स्कोडा कुशाक, स्कोडा स्लाविया और स्कोडा कोडियाक की भी मांग बढ़ी।
वहीं, जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया ने मार्च में थोक बिक्री में 19 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि दर्ज की।कंपनी ने इस महीने डीलरों को 6,528 यूनिटें भेजीं।
–आईएएनएस
एबीएस/