विकसित भारत 2047 की नींव है बजट 2026 : ओम प्रकाश राजभर


सुल्तानपुर, 7 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने आयोजित एक मीडिया वार्ता के दौरान वर्ष 2026 के यूनियन बजट को लेकर सरकार की मंशा और प्राथमिकताओं को विस्तार से रखा।

उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने केंद्रीय बजट पेश कर दिया है और इसके माध्यम से किसानों, युवाओं, व्यापारियों, छात्रों, महिलाओं और आम जनता के लिए कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सरकार ने अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं। इसी उद्देश्य से जिलावार प्रेस वार्ताएं की जा रही हैं और उसी क्रम में सुल्तानपुर में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है।

राजभर ने कहा कि बजट 2026-27 युवाओं के सपनों को उड़ान देने वाला और किसानों के विश्वास को मजबूत करने वाला है। यह बजट महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक निर्णायक कदम साबित होगा और मध्यम तथा गरीब वर्ग को सशक्त करने की सरकार की सोच को आगे बढ़ाता है।

उन्होंने दावा किया कि यह इतिहास में उस बजट के रूप में याद किया जाएगा, जिसने विकसित भारत के संकल्प को ठोस आधार प्रदान किया। मंत्री ने कहा कि मौजूदा सरकार की पहचान “रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म” की रही है और यह बजट उसी सोच का प्रतिबिंब है।

एसआईआर प्रक्रिया की तारीख बढ़ाए जाने को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि एसआईआर को लेकर लोगों के बीच भ्रम की स्थिति है। उन्होंने बताया कि बोर्ड परीक्षाओं के कारण और उसके बाद प्रस्तावित जनगणना को ध्यान में रखते हुए यह भ्रम और बढ़ा है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य निर्वाचन आयोग ने बैलेट पेपर की छपाई कर सभी जिलों में भेज दिए हैं। वोटर लिस्ट को लेकर जो भी आपत्तियां मांगी गई थीं, उनका समाधान कर लिया गया है।

राजभर ने आगे कहा कि बैलेट पेपर की छपाई का काम तेजी से चल रहा है और 28 तारीख तक इसका प्रकाशन पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि चुनाव तय समय पर ही होंगे और इसकी सभी तैयारियां पूरी की जा रही हैं। मंत्री ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारु रूप से संपन्न कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

–आईएएनएस

एएसएच/एबीएम


Show More
Back to top button