'भाई ने मेरा हाथ थामकर साथ में डांस किया था', दिव्या दत्ता ने याद किया अपना पहला नेशनल अवार्ड


मुंबई, 1 जून (आईएएनएस)। अभिनेत्री दिव्या दत्ता ने भारतीय सिनेमा में अपने बहुमुखी अभिनय से दर्शकों के दिलों पर अमिट छाप छोड़ी है। उन्हें वर्ष 2018 में फिल्म ‘इरादा’ के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला था। सोमवार को अभिनेत्री ने इस खास पल को याद करते हुए एक भावुक पोस्ट साझा की।

अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया। इस वीडियो में वह नई दिल्ली के विज्ञान भवन में पुरस्कार प्राप्त करती नजर आ रही हैं। साथ ही, वीडियो में फिल्म ‘इरादा’ में उनके द्वारा निभाए गए पंजाब की मुख्यमंत्री के किरदार की कुछ झलकियां भी शामिल हैं।

अभिनेत्री ने पुराने दिनों को याद करते हुए लिखा, “यह पल मेरे लिए बहुत खास था। फिल्म ‘इरादा’ के लिए मिला मेरा पहला राष्ट्रीय पुरस्कार आज भी यादगार है। मुझे याद है कि उस खुशी के मौके पर मेरे भाई ने मेरा हाथ थामकर मेरे साथ डांस किया था।”

अभिनेत्री ने बताया कि इस फिल्म ने उन्हें अपनी मां के निधन के गम से उबरने में काफी मदद की थी। उन्होंने उस दौर को याद करते हुए लिखा, “‘इरादा’ वह पहली फिल्म थी, जिसकी शूटिंग मैंने मां के जाने के बाद की थी। उस समय मैं भावनात्मक रूप से काफी टूट चुकी थी, लेकिन इस फिल्म ने मुझे उस मुश्किल दौर से बाहर निकलने में बहुत मदद की। इन यादों को साझा करने के लिए दिव्या संचारि का दिल से धन्यवाद।”

अभिनेत्री दिव्या दत्ता को वर्ष 2018 में 65वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में फिल्म ‘इरादा’ के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला था। उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान फिल्म में उनके प्रभावशाली अभिनय के लिए प्रदान किया गया था।

फिल्म ‘इरादा’ में दिव्या दत्ता ने पंजाब की मुख्यमंत्री का किरदार निभाया था। उनके साथ फिल्म में नसीरुद्दीन शाह, अरशद वारसी जैसे मंजे हुए कलाकार भी प्रमुख भूमिकाओं में थे। यह उनके करियर का पहला राष्ट्रीय पुरस्कार था, जिसके बाद उनके अभिनय को नई पहचान और व्यापक सराहना मिली।

फिल्म में उनका किरदार सत्ता और राजनीतिक हितों के दबाव से जूझने वाली एक प्रभावशाली राजनीतिक नेता का था। कहानी राज्य में बढ़ते प्रदूषण और कैंसर जैसी गंभीर समस्याओं के इर्द-गिर्द घूमती है।

–आईएएनएस

एनएस/एएस


Show More
Back to top button