तेल अवीव में शीर्ष इजरायली नेतृत्व से ब्लिंकन की मुलाकात आज


तेल अवीव, 19 अगस्त (आईएएनएस)। अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन आज (सोमवार) इजरायल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग, प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री योआव गैलेंट से मुलाकात करेंगे।

वह रविवार देर रात यहां पहुंचे। दोहा में हुई युद्ध विराम वार्ता में थोड़ी रुकावट आ गई है। इजरायल और हमास दोनों ने एक दूसरे पर अपने-अपने पोजीशन से पीछे हटने का आरोप लगाया है।

हमास ने इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू पर शांति के लिए नई शर्तें लाकर शांति वार्ता को विफल करने का आरोप लगाया है। उधर इजरायल ने कहा है कि हमास शांति के पक्ष में नहीं है और इसने पिछले गुरुवार और शुक्रवार को दोहा में आयोजित अप्रत्यक्ष शांति वार्ता में अपना प्रतिनिधिमंडल भी नहीं भेजा।

इजरायल सरकार के सूत्रों ने आईएएनएस को बताया कि एंटनी ब्लिंकन शीर्ष इजरायली नेतृत्व के साथ कई बैठकें करेंगे ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि बुधवार को होने वाली प्रस्तावित काहिरा शांति वार्ता सुचारू रूप से हो।

7 अक्टूबर, 2023 को हमास हमले के बाद से ब्लिंकन की मिडिल ईस्ट की यह 9वीं यात्रा है।

इस साल होने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव से पहले बाइडेन चाहते हैं कि इजरायल-हमास की लड़ाई जल्द से जल्द खत्म हो। यह वार्ता क्षेत्रीय तनाव की आशंका के बीच हो रही है, ईरान ने 31 जुलाई को तेहरान में हमास नेता इस्माइल हानिया की हत्या के बाद इजरायल के खिलाफ जवाबी कार्रवाई की धमकी दी है।

इस बीच बंधकों और लापता लोगों के परिवारों ने इजरायल सरकार से बंधकों को जल्द से जल्द घर वापस लाने की मांग की है।

गौरतलब है कि 7 अक्टूबर 2023 को हमास के आतंकवादियों ने दक्षिण इजरायल पर हमला कर 1,200 लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी थी और 251 लोगों का अपहरण कर उन्हें बंधक बनाकर गाजा ले गए थे।

इनमें से 105 लोगों को इजरायल और हमास के बीच एक सप्ताह के युद्ध विराम के दौरान कैदियों के आदान-प्रदान के बाद रिहा किया गया। बंधकों और परिवारों के फोरम ने कहा है कि गाजा में मौजूद 115 बंधकों में से 39 की इजरायल सरकार ने मौत की पुष्टि की है। परिवार चाहते हैं कि शेष बंधकों को जल्द से जल्द घर वापस लाया जाए।

–आईएएनएस

एमकेएस/एसकेपी


Show More
Back to top button