'वंदे मातरम’ के 150 साल: भाजपा करेगी देशव्यापी भव्य उत्सव


लखनऊ, 4 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने पर पूरे देश में भव्य कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू करने जा रही है। पार्टी इस अवसर को राष्ट्रभक्ति, आत्मगौरव और एकता के उत्सव के रूप में मनाने की तैयारी में जुटी है।

स्वतंत्रता संग्राम में इस गीत की ऐतिहासिक भूमिका को याद करते हुए भाजपा इसे व्यापक जनभागीदारी के साथ मनाने की योजना बना रही है। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं अभियान के संयोजक त्रयम्बक त्रिपाठी ने बताया कि 5 नवंबर को प्रदेश के 18 महानगरों में एक साथ प्रेस वार्ताएं आयोजित की जाएंगी। इन वार्ताओं के माध्यम से ‘वंदे मातरम’ के महत्व, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और जनजागरण अभियान की जानकारी दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि लखनऊ में प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित करेंगे, जबकि अन्य महानगरों में सांसद, विधायक और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी पत्रकारों के माध्यम से अभियान का संदेश पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, त्याग और देशभक्ति का जीवंत प्रतीक है। भाजपा का उद्देश्य है कि हर नागरिक इस गीत के भाव को आत्मसात कर देश के प्रति नए संकल्पों के साथ आगे बढ़े।

त्रिपाठी ने बताया कि गोरखपुर, वाराणसी, कानपुर, मेरठ, आगरा, झांसी, फिरोजाबाद, मुरादाबाद, अलीगढ़, सहारनपुर, अयोध्या, बरेली, गाजियाबाद और नोएडा सहित प्रदेश के सभी प्रमुख महानगरों में यह प्रेस वार्ताएं आयोजित होंगी। पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी कहते हैं कि वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने का अवसर ‘सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के पुनर्पुष्टि का पर्व’ है, जिसमें हर कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

उन्होंने आगे कहा कि भाजपा का यह अभियान न केवल राष्ट्रगीत के गौरवशाली इतिहास को दोहराएगा, बल्कि जनता के बीच ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को भी मजबूती देगा। पार्टी चाहती है कि वंदे मातरम की गूंज घर-घर तक पहुंचे और हर नागरिक में देश के प्रति समर्पण की भावना नई ऊर्जा के साथ जागृत हो।

–आईएएनएस

विकेटी/एएसएच


Show More
Back to top button