छत्तीसगढ़ नगर निकाय चुनाव में भाजपा को बढ़त, कांग्रेस को झटका

रायपुर, 15 फरवरी (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ में नगर निकाय चुनाव की मतगणना जारी है। अब तक के परिणामों में भाजपा ने अपनी जबरदस्त पकड़ बनाई है। प्रदेश के विभिन्न नगर निगमों में भाजपा के उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है, जबकि कांग्रेस को कई महत्वपूर्ण सीटों पर हार का सामना करना पड़ा है।
मनेन्द्रगढ़ नगर पालिका चुनाव में भाजपा ने अपनी पकड़ मजबूत की। कांग्रेस की उम्मीदवार प्रभा पटेल को हार का सामना करना पड़ा, जबकि भाजपा की प्रतिमा यादव ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की।
बेमेतरा नगर पालिका में भाजपा के विजय सिन्हा को शानदार जीत मिली। उन्होंने 1,130 वोटों से जीत हासिल की और यहां के 21 वार्डों में से 14 में भाजपा विजयी रही। कांग्रेस ने छह वार्डों में जबकि एक वार्ड में निर्दलीय उम्मीदवार ने मैदान मारा है। भाजपा कार्यकर्ताओं में जीत का उल्लास है और पूरे जिले में जश्न का माहौल है।
रामानुजगंज नगर पालिका परिषद में भाजपा के रमन अग्रवाल ने 2,865 वोटों से जीत दर्ज की। यहां भाजपा ने 12 वार्डों में जीत हासिल की, जबकि कांग्रेस को तीन सीटें मिलीं। भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ी और जश्न मनाया गया।
बलरामपुर नगर पालिका चुनाव में भाजपा के लोधी राम एक्का ने 767 वोटों से जीत हासिल की। भाजपा ने यहां 10 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि कांग्रेस को तीन और निर्दलीय उम्मीदवारों को दो सीटें मिलीं।
जशपुर नगर पालिका चुनाव में भाजपा के अरविंद भगत ने भारी मतों से जीत दर्ज की। जीत के बाद अरविंद भगत ने स्व. दिलीप सिंह जूदेव की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और शहर के विभिन्न मंदिरों में पूजा अर्चना की। अरविंद भगत ने कहा कि वह जशपुर के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं और यह जीत पूरे जिले की जनता की जीत है। उन्होंने दावा किया कि अब जशपुर नगर में तेजी से विकास होगा।
कोंडागांव नगर पालिका अध्यक्ष पद पर भाजपा के नरपति पटेल ने 4,502 वोटों से जीत दर्ज की। यहां के 22 वार्डों में से 20 पर भाजपा के पार्षदों ने जीत हासिल की, जबकि कांग्रेस को केवल एक सीट से संतोष करना पड़ा। एक निर्दलीय उम्मीदवार ने भी एक सीट पर जीत दर्ज की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने खुशी का इजहार किया और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को भी हार का सामना करना पड़ा।
छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष और भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. रमन सिंह ने इस बड़ी जीत पर खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भाजपा को नगर निकाय चुनाव में बड़ी जीत मिली है और प्रदेश की कई सीटों पर पहली बार जीत हासिल हुई है। विशेष रूप से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पाटन क्षेत्र में कांग्रेस की हार को लेकर उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस के लिए तीसरी बड़ी हार है।
उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को लगातार हारों का सामना करना पड़ा है, इसलिए उन्हें प्रदेश की राजनीति से हटा दिया गया। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि भाजपा की इस विजय में मुख्यमंत्री का विशेष योगदान है और यह जीत उनके नेतृत्व में प्राप्त हुई है।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ नगर निकाय चुनाव के लिए 11 फरवरी को वोट डाले गए थे। छत्तीसगढ़ में सभी नगर निकाय क्षेत्रों में ओवरऑल 72 प्रतिशत वोटिंग हुई है। इस बार महिला मतदाताओं ने पुरुष मतदाताओं की अपेक्षा कम वोट किया है।
–आईएएनएस
पीएसके/एकेजे