सभी लक्ष्यों को पूरा करने के लिए भाजपा समर्पित : विधायक सुशील शाक्य


फर्रुखाबाद, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में रविवार को भाजपा का स्थापना दिवस मनाया गया। इस दौरान अमृतपुर से भाजपा विधायक सुशील शाक्य भी मौजूद रहे। इस अवसर पर भाजपा विधायक ने कहा कि जिस उद्देश्य से भाजपा की स्थापना हुई थी, वह उन उद्देश्यों को पूरा कर रही है।

सुशील शाक्य ने कहा कि भाजपा अपने सभी लक्ष्यों को पूरा कर रही है। वक्फ संशोधन विधेयक के बाद आने वाले समय में समान नागरिक संहिता विधेयक भी आने वाला है। यह भी एक बड़ा कदम होगा, जैसे राम मंदिर और अनुच्छेद 370 के मामले में भाजपा ने अपना वादा पूरा किया।

पार्टी के इतिहास को रेखांकित करते हुए विधायक ने कहा, “1980 में भाजपा की स्थापना हुई थी। आज 2025 में भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी बन चुकी है, लेकिन भाजपा ने कभी अपने लक्ष्यों को विस्मृत नहीं किया। चाहे वह राम मंदिर का निर्माण हो, आर्टिकल 370 को खत्म करना हो या वक्फ संशोधन विधेयक हो, इन सभी लक्ष्यों को भाजपा ने पूरा किया है। अब बारी है समान नागरिक संहिता विधेयक की, जिसे जल्द ही लागू किया जाएगा। भाजपा अपने लक्ष्यों को पूरा करने के लिए लगातार आगे बढ़ रही है। सभी लक्ष्यों को पूरा करने के लिए पार्टी के हर एक कार्यकर्ता और पदाधिकारी समर्पित हैं।

सुशील शाक्य ने कहा कि भाजपा जब एक छोटी पार्टी थी, तब भी उसने अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए समर्पण दिखाया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज देश में भाजपा की सरकार लगातार तीसरी बार है। उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा ने दो बार सरकार बनाई है। इसके बावजूद, पार्टी का हर कार्यकर्ता और पदाधिकारी अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए पूरी तरह समर्पित है। हमारा उद्देश्य है कि भारत को दुनिया का सबसे महान और सर्वश्रेष्ठ देश बनाया जाए, और इसके लिए भाजपा का हर कार्यकर्ता अपना योगदान दे रहा है।

–आईएएनएस

पीएसके/एकेजे


Show More
Back to top button