बिहार को 20 साल पहले लालू के समय का जंगलराज याद है : जयवीर सिंह

लखनऊ, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार की सियासत में इन दिनों चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। महागठबंधन की तरफ से तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री और मुकेश साहनी को डिप्टी सीएम पद का उम्मीदवार बनाने पर उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता को 20 साल पहले का दिन याद है कि किस तरह से प्रदेश में जंगलराज था।
उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “आज से 20 साल पहले लालू सरकार के समय जो परेशानी बिहार के लोगों ने झेली है, बिहार का जंगलराज, गुंडागर्दी, लूटपाट और जमीनों के कब्जे को लालू यादव के कार्यकाल में बिहार की जनता ने देखा है, अभी भी उनको बिहार का वो दिन याद है। उसी की वजह से विधानसभा चुनाव में जनता के बीच तेजस्वी यादव को परेशानी हो रही है।”
लालू यादव पर निशाना साधते हुए जयवीर सिंह ने कहा, “बिहार की जनता अब लालू के परिवार को फिर से झेलने के मूड में नहीं है। बिहार की जनता को सब पता चल गया है। इसलिए वह महागठबंधन को नकार रही है।”
पर्यटन मंत्री ने कहा कि अब बिहार के लोगों के पास मजबूत विकल्प आ गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार देश का विकास हो रहा है। यह बिहार की जनता भी देख रही है। बिहार की जनता को पता है कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एक नया बिहार बनने जा रहा है। सरकार की सभी योजनाओं से जनता को लाभ पहुंच रहा है। बिहार में फिर से एनडीए की सरकार बनने जा रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मलेशिया दौरा रद्द होने को लेकर दी गई कांग्रेस सांसद जयराम रमेश की टिप्पणी पर मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि भारत ऐसा देश है, जिसकी विदेश नीति के बारे में कहा जाता है कि भारत हमेशा अपने हितों को देखते हुए निर्णय लेता है। उसको पता है कहां उसका फायदा है और कहां उसका नुकसान है। आज पूरी दुनिया जान रही है कि भारत न डरने वाला है न झुकने वाला है। भारत आंख में आंख मिलाकर बात करने की हिम्मत रखता है।
अमेरिका के टैरिफ बढ़ाने वाले बयान पर जयवीर सिंह ने कहा कि भारत अमेरिका के सामने नहीं झुका है, न कभी झुकेगा। टैरिफ बढ़ने से भी भारत पर कोई ज्यादा प्रभाव नहीं पड़ने वाला है। भारत ने उसका वैकल्पिक रास्ता खोज लिया है।
–आईएएनएस
एसएके/जीकेटी