बिहार: नितिन नबीन ने भाजपा कार्यकर्ताओं की भूमिका को संगठन की सफलता का आधार बताया


पटना, 14 दिसंबर(आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने पार्टी कार्यकर्ताओं की भूमिका को संगठन की सफलता का आधार बताया है। आईएएनएस से बातचीत में उन्होंने कहा कि बांकीपुर और पश्चिम पटना में भाजपा की लगातार सफलता के पीछे पार्टी कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और लगन है।

नितिन नबीन ने कहा कि यह सभी के लिए सौभाग्य की बात है कि ऐसे समर्पित कार्यकर्ताओं ने उन जैसे नेताओं को तैयार किया। साथ ही सुशील मोदी, नवीन किशोर और नंद किशोर यादव जैसे कई वरिष्ठ नेताओं को भी आगे बढ़ाया।

नितिन नबीन ने कहा, ‘मेरा मानना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को यदि किसी ने बनाया है, तो वे पार्टी के कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने अपने परिश्रम और मेहनत के बल पर पूरे देश में भाजपा का परचम लहराया है।”

उन्होंने कहा कि बिहार में भाजपा की जीत में भी पार्टी कार्यकर्ताओं का बड़ा योगदान रहा है। इसी योगदान के सम्मान में कार्यकर्ताओं के अभिनंदन के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जिसे उत्सवी माहौल में परिवार के साथ मनाया जा रहा है।

वहीं, कांग्रेस पार्टी द्वारा दिल्ली में आयोजित रैली के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा के इस्तेमाल पर नितिन नबीन ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जब-जब प्रधानमंत्री मोदी का अपमान करती रही है, तब-तब भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड बहुमत से जीत मिली है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जनता का समर्थन मिलता रहेगा और भाजपा लगातार सफलता की ओर बढ़ती रहेगी।

हाल ही में हुए बिहार विधानसभा चुनाव में बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से नितिन नबीन ने राजद की उम्मीदवार रेखा गुप्ता को 51 हजार से अधिक वोटों से हराया था। नितिन नबीन ने 2020 में करीब 83,068 वोटों के साथ जीत दर्ज की थी, वहीं उनके प्रतिद्वंद्वी लव सिन्हा को लगभग 44,032 वोट मिले थे।

–आईएएनएस

एएसएच/वीसी


Show More
Back to top button