झज्जर: फाइनेंसर साहिल उर्फ सोनू हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता, एक गिरफ्तार

झज्जर, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। हरियाणा के झज्जर जिले के गांव डीघल में 8 अप्रैल 2026 को हुई साहिल उर्फ सोनू की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार होकर आए हमलावरों ने युवक को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे थे और मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू की गई।
पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह के दिशा-निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच विशेष टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिनमें आरोपी काली स्कॉर्पियो में आते और वारदात को अंजाम देकर फरार होते नजर आए।
तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की। इसके बाद, थाना दुजाना और अपराध शाखा की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए नई दिल्ली के सराय खाले खां निवासी एक आरोपी, शिवम पुत्र परमलाल, को नोएडा के सेक्टर-37 से गिरफ्तार कर लिया।
डीसीपी धारणा यादव ने प्रेस वार्ता में आगे जानकारी देते हुए बताया कि प्राथमिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसकी दोस्ती योगेश उर्फ योगी और संदीप उर्फ लीला निवासी डीघल के साथ है। इस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। वारदात में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी शिवम ने बीए द्वितीय वर्ष में पढ़ाई छोड़ दी थी और कुछ समय एक कंपनी में काम करने के बाद वह भी छोड़ दी थी। जांच में सामने आया है कि आपसी रंजिश के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है, ताकि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और फरार आरोपियों के बारे में गहन पूछताछ की जा सके। पुलिस ने वारदात में प्रयोग की गई काली स्कॉर्पियो गाड़ी को पहले ही माछरौली थाना एरिया से बरामद कर लिया था।
–आईएएनएस
एमएस/