एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, मिलावटी पेट्रोल-डीजल बेचने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

नोएडा, 10 फरवरी (आईएएनएस)। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) उत्तर प्रदेश को मिलावटी पेट्रोल और डीजल के अवैध कारोबार में लिप्त एक अंतर्राज्यीय गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ ने इस गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर हजारों लीटर अपमिश्रित पेट्रोल-डीजल बरामद किया है।
यह कार्रवाई 9 फरवरी की देर शाम मैनपुरी जनपद के कुरावली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सलेमपुर में की गई। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राधे श्याम पुत्र वासुदेव सिंह निवासी नित्या एन्क्लेव, जलेसर रोड, फिरोजाबाद और अंकित यादव पुत्र सतेंद्र सिंह यादव निवासी ग्राम सलेमपुर, थाना कुरावली, जनपद मैनपुरी के रूप में हुई है।
एसटीएफ की टीम ने इनके कब्जे से दो मोबाइल फोन, एक फर्जी आधार कार्ड, एक स्टेट बैंक का डेबिट कार्ड, दो पैन कार्ड, 4400 रुपये नकद, पेट्रोल पंप खोलने से संबंधित कंपनियों की फर्जी एलओआई व अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। इसके साथ ही ग्राम सलेमपुर स्थित अवागढ़ पेट्रोल पंप से 4 हजार लीटर मिलावटी पेट्रोल और 1 हजार लीटर मिलावटी डीजल तथा चंदाई कुरावली स्थित आईबीपी पेट्रोल पंप से 3 हजार लीटर अपमिश्रित डीजल जब्त किया गया। अवैध रूप से संचालित आईबीपी फिलिंग स्टेशन, ग्राम सलेमपुर को सील कर दिया गया है।
एसटीएफ के अनुसार, पूछताछ में राधे श्याम से पता चला कि उसने वर्ष 2018 में दिल्ली के एक फर्जी पते पर अंचन पेट्रोलियम प्राइवेट लिमिटेड नाम से कंपनी बनाई थी और बाद में अंचन रिफाइनरी प्राइवेट लिमिटेड भी स्थापित की। इन कंपनियों के माध्यम से वह लोगों को फर्जी अनुमति और एलओआई दिलाने के नाम पर पेट्रोल पंप खुलवाने का झांसा देकर पैसे वसूलता था। अब तक कन्नौज, इटावा, फिरोजाबाद, औरैया और मैनपुरी सहित कई जिलों में एक दर्जन से अधिक फर्जी पेट्रोल पंपों के दस्तावेज जारी करने की बात सामने आई है।
वहीं, अभियुक्त अंकित यादव से पता चला है कि उसने बिना अनुमति के बायोडीजल पेट्रोल पंप संचालित किया और वर्ष 2020 से केमिकल युक्त मिलावटी पेट्रोल-डीजल की बिक्री कर रहा था। उसने यह भी बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा की केमिकल कंपनियों से अपमिश्रित ईंधन मंगाया जाता था।
एसटीएफ अधिकारियों के मुताबिक, यह अवैध कारोबार न सिर्फ सरकारी राजस्व को भारी नुकसान पहुंचा रहा था, बल्कि ग्रामीण इलाकों में वाहनों को भी गंभीर क्षति पहुंचा रहा था। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कुरावली, मैनपुरी में बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।
–आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी