बेंगलुरु कस्टम्स विभाग ने दस करोड़ रुपए से अधिक की ड्रग्स की जब्त, आरोपी गिरफ्तार


बेंगलुरु, 31 मार्च (आईएएनएस)। बेंगलुरु कस्टम्स विभाग ने ड्रग्स की बड़ी खेप बरामद की है। बरामद की गई ड्रग्स की कीमत दस करोड़ रुपए से भी अधिक बताई जा रही है। विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, महज दो दिन के भीतर बड़ी ड्रग्स की खेप एयरपोर्ट पर बरामद हुई है।

केम्पेगौडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लगातार तीन दिनों में बड़ी कार्रवाई करते हुए ड्रग्स तस्करी के कई प्रयासों को नाकाम किया गया है। 28 से 30 मार्च 2026 के बीच कुल 30 किलो से अधिक हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किया गया और कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

अधिकारियों के अनुसार, 30 मार्च को सबसे बड़ी कार्रवाई में बैंकॉक से आए पांच यात्रियों को रोका गया। उनके चेक-इन बैगेज से 17.45 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 6.10 करोड़ रुपए आंकी गई है। सभी आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

इससे एक दिन पहले, 29 मार्च को एक यात्री से 11.5 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 4.02 करोड़ रुपए बताई गई। वहीं, 28 मार्च को दो यात्रियों को पकड़कर उनके पास से 1.18 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 41.3 लाख रुपए थी।

कस्टम अधिकारियों ने बताया कि सभी मामलों में तस्कर बैंकॉक से भारत आ रहे थे और ड्रग्स को चेक-इन सामान में छिपाकर लाने की कोशिश कर रहे थे। सतर्क जांच के दौरान इन प्रयासों को विफल कर दिया गया।

सभी आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट 1985 के तहत गिरफ्तार किया गया है और आगे की जांच जारी है। लगातार सामने आ रहे इन मामलों से यह संकेत मिलता है कि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के जरिए ड्रग्स तस्करी की कोशिशें बढ़ रही हैं, जिस पर सुरक्षा एजेंसियां कड़ी नजर बनाए हुए हैं।

इससे पहले इसी महीने की शुरुआत में बेंगलुरु सिटी क्राइम ब्रांच की एंटी-नारकोटिक्स विंग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी रैकेट का पर्दाफाश किया था। पुलिस ने एक महिला समेत दो ड्रग पेडलर्स को गिरफ्तार कर करीब 10 करोड़ रुपए के नशीले पदार्थ जब्त किए थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अश्विन और मुबीना के रूप में हुई है, जो बेंगलुरु के बागलुरु इलाके में स्थित प्रेस्टीज पैनसबरी हाइट्स अपार्टमेंट में रहते थे। मुबीना मूल रूप से केरल की रहने वाली है। पुलिस ने आरोपियों के पास से भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद किए, जिनमें 8,335 एलएसडी स्ट्रिप्स (124 किलोग्राम), 5 किलोग्राम हाइड्रो गांजा और 534 किलोग्राम चरस शामिल हैं।

–आईएएनएस

एएमटी/एबीएम


Show More
Back to top button