अकेले रहना उतना मुश्किल नहीं है, जितना अक्सर लोग समझते हैं : काइली मिनोग


लॉस एंजेलिस, 1 जून (आईएएनएस)। पॉप म्यूजिक की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुकीं काइली मिनोग एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका कोई नया गाना या कॉन्सर्ट नहीं, बल्कि उनकी निजी जिंदगी को लेकर किया गया खुलासा है।

उन्होंने हाल ही में अपने रिश्तों, प्यार और अकेलेपन को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि फिलहाल उनकी जिंदगी में कोई बॉयफ्रेंड नहीं है। अब वह जीवन के उस दौर में हैं, जहां वह गलत इंसान के साथ रिश्ता रखने के बजाय अकेले रहना ज्यादा पसंद करती हैं।

‘द सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड’ से बातचीत के दौरान काइली ने कहा, ”इस समय मेरा कोई बॉयफ्रेंड नहीं हैं। कुछ समय पहले मैं एक रिलेशनशिप में थीं, लेकिन जब वह खत्म हुआ तो मुझे यह समझ आया कि मैं अपने दम पर भी खुश रह सकती हूं। अकेले रहना उतना मुश्किल नहीं है, जितना अक्सर लोग समझते हैं।”

उन्होंने कहा, ”उस रिश्ते के खत्म होने के बाद मुझे खुद के साथ समय बिताने का मौका मिला और तब मुझे एहसास हुआ कि मैं बिना किसी साथी के भी खुश रह सकती हूं। उम्र और अनुभव के साथ मेरी सोच बदल गई है। अब मैं लोगों को परखने में ज्यादा सावधानी बरतती हूं। मैं पहले की तुलना में काफी ज्यादा चुनिंदा हो गई हैं और किसी भी व्यक्ति को अपनी जिंदगी में जगह देने से पहले उसे अच्छी तरह समझना चाहती हूं।”

बातचीत के दौरान काइली ने अपने पुराने रिलेशनशिप को भी याद किया। उन्होंने दिवंगत संगीतकार माइकल हचेंस का जिक्र करते हुए कहा, ”वह मेरी जिंदगी का सच्चा प्यार थे। मेरी लाइफ में कई रिश्ते आए, लेकिन माइकल हचेंस की जगह हमेशा खास रहेगी।”

बता दें कि दोनों का रिश्ता उस समय शुरू हुआ था जब काइली अपने करियर और जीवन के शुरुआती दौर में थीं।

इसके अलावा, उन्होंने अपने पुराने साथी जेसन डोनोवन के साथ अपने रिश्ते पर भी बात की। काइली और जेसन की मुलाकात लोकप्रिय ऑस्ट्रेलियाई टीवी शो ‘नेबर्स’ के सेट पर हुई थी। शो में दोनों ने टीनएज लवर की भूमिका निभाई थी।

काइली ने बताया कि पहले हमारे किरदारों के बीच प्रेम कहानी शुरू हुई और धीरे-धीरे असली जीवन में भी हम दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे थे। कुछ समय बाद हमारी दोस्ती प्यार में बदल गई। हालांकि हमारा रिश्ता ज्यादा लंबे समय तक नहीं चला, लेकिन अलग होने के बाद भी हम दोनों के बीच अच्छी दोस्ती बनी रही।

–आईएएनएस

पीके/एबीएम


Show More
Back to top button