बिहार: मुहर्रम से पहले 5 सुतली बम बरामद, इलाके में हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी


कटिहार, 24 जून (आईएएनएस)। मुहर्रम से ठीक पहले बिहार के कटिहार जिले में विस्फोटक मिलने से हड़कंप मच गया है। कोढ़ा प्रखंड के कोलासी पुलिस शिविर क्षेत्र के मथुरा पंचायत में एक दुकान के बाहर से पुलिस ने पांच जिंदा सुतली बम बरामद किए हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, मथुरा पंचायत स्थित ‘कमला जनरल स्टोर’ के सामने कोल्ड ड्रिंक के एक कैरेट में संदिग्ध वस्तु होने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही कोलासी शिविर प्रभारी सरवन कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और इलाके को घेर लिया। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के लोगों को तुरंत वहां से हटाया गया।

पुलिस ने जांच के दौरान कोल्ड ड्रिंक के कैरेट से पांच सुतली बम बरामद किए और उन्हें सुरक्षित रूप से कब्जे में ले लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया, जिसने बमों को निष्क्रिय करने की प्रक्रिया की।

पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही इलाके में पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

कोलासी पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।

इस बीच पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी सुनील शर्मा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई थी। उन्होंने कहा कि कोल्ड ड्रिंक के कैरेट में रखे पांच सुतली बम बरामद किए गए हैं, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया गया है और वैज्ञानिक तरीके से मामले की जांच की जा रही है।

उन्होंने यह भी बताया कि बम निरोधक दस्ते द्वारा बमों को निष्क्रिय किया जा रहा है और पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह मामला आपसी रंजिश का है या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश है।

फिलहाल, प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में बताया है और त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

–आईएएनएस

एएमटी/एबीएम


Show More
Back to top button