'ओ2 एरिना' की यादों से बाहर नहीं निकल पा रहे बादशाह, मिनी डॉक्यूमेंट्री का दूसरा पार्ट किया शेयर

मुंबई, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। बॉलीवुड सिंगर और रैपर बादशाह दक्षिण-पूर्वी लंदन के ग्रीनविच में स्थित दुनिया का सबसे प्रसिद्ध संगीत और मनोरंजन स्थल ‘ओ2 एरिना’ में परफॉर्म करने के बाद सातवें आसमान पर हैं।
अब सिंगर ने शो से जुड़ी दूसरी मिनी डॉक्यूमेंट्री जारी की है, जिसमें उन्होंने अपने और फैंस के रिएक्शन को कैप्चर किया है। बादशाह पहले भारतीय सिंगर हैं, जिन्हें ‘ओ2 एरिना’ में परफॉर्म करने का मौका मिला है।
बादशाह ने अपने इंस्टाग्राम पर बहुत सारी वीडियो पोस्ट की हैं, जिसमें वे ‘ओ2 एरिना’ में परफॉर्म करते दिख रहे हैं। सिंगर का कहना है कि भगवान का ही आशीर्वाद है, जो उन्हें इस मंच पर गाने का मौका मिला। दूसरी वीडियो में फैंस के रिएक्शन को शेयर किया गया है, जो सिंगर की परफॉर्मेंस देखने के बाद मंत्रमुग्ध हैं और उन्हें अपना आइडल और सोलफुल सिंगर बता रहे हैं। एक वीडियो में एक बुजुर्ग शख्स अपनी पत्नी का लिखा लेटर पढ़ रहा है, जो बादशाह की बहुत बड़ी फैन हैं और वे इवेंट में शामिल नहीं हो पाईं। बादशाह लेटर पढ़कर भावुक हो जाते हैं।
वीडियो को देखकर साफ है कि बादशाह ‘ओ2 एरिना’ में परफॉर्म करने के बाद खुद को उस पल से बाहर नहीं निकाल पा रहे हैं और हर छोटे पल को जी रहे हैं। इससे पहले सिंगर ने ‘ओ2 एरिना’ मिनी डॉक्यूमेंट्री का पहला पार्ट शेयर किया था, जिसमें उन्होंने शो के बैक स्टेज की तैयारियों को दिखाया था।
सिंगर का कहना था कि वो 10 साल पहले ओ-2 एरिना में आए थे और सबसे पहले ड्रेक (कनाडाई रैपर, गायक और अभिनेता) को देखा था और उस वक्त भी नहीं सोचा था कि इस मंच पर परफॉर्म करने का मौका मिलेगा, लेकिन मेहनत करते रहो और मजे में रहो।
बादशाह ने 22 मार्च 2026 को ओ-2 एरिना में परफॉर्म किया था। अपनी परफॉर्मेंस के दौरान सिंगर अपने माता-पिता के साथ लंदन पहुंचे थे और उनके चेहरे पर अलग ही चमक थी। सिंगर की मां पहली बार लंदन पहुंची थी और उन्होंने ‘ओ-2 एरिना’ को बड़ा सा मैदान बताया था, हालांकि वो पल भी सिंगर के लिए सुकून वाला था।
एक तरफ सिंगर ‘ओ-2 एरिना’ की यादों में डूबे हैं। दूसरी तरफ सिंगर का ‘टटीरी’ गाने को लेकर विवाद खत्म हो चुका है। सिंगर ने राष्ट्रीय महिला आयोग से माफी मांगते हुए कुछ बच्चियों की शिक्षा का बेड़ा उठाया है।
–आईएएनएस
पीएस/एबीएम