ऑस्ट्रेलियन ओपन: अल्कराज ने तोड़ा जोकोविच का सपना! मेंस सिंगल्स का खिताब जीतकर इतिहास रचा


मेलबर्न, 1 फरवरी (आईएएनएस)। स्पेन के कार्लोस अल्काराज ने इतिहास रचते हुए ऑस्ट्रेलियन ओपन मेंस सिंगल्स का खिताब अपने नाम कर लिया है। 22 वर्षीय अल्काराज ने नोवाक जोकोविच को 2-6, 6-2, 6-3, 7-5 से मात देकर सीजन के पहले ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में अपना पहला खिताब जीता। इसी के साथ अल्काराज करियर ग्रैंड स्लैम हासिल करने वाले सबसे युवा पेशेवर टेनिस खिलाड़ी बन गए।

विश्व नंबर-1 खिलाड़ी ने शुरुआती सेट में अपेक्षाकृत फीके प्रदर्शन के बाद जोरदार वापसी की, जहां नोवाक जोकोविच ने आक्रामक शुरुआत की थी। अल्काराज ने बेसलाइन से खेल पर पकड़ बनाई और अपने पहले ऑस्ट्रेलियन ओपन फाइनल में नियंत्रण हासिल किया। स्पेनिश खिलाड़ी ने दूसरे सेट में दो बार प्रतिद्वंद्वी की सर्विस तोड़ी और तीसरे सेट में शानदार ऑल-कोर्ट रैलियों के साथ अपना बेहतरीन फ्री-फ्लोइंग खेल दिखाया, जो हाल के वर्षों में मेलबर्न के सर्वश्रेष्ठ फाइनल मुकाबलों में से एक रहा।

चौथे सेट में जोकोविच ने काफी संघर्ष करते हुए दूसरे गेम में छह ब्रेक प्वाइंट्स बचाकर सर्विस होल्ड की। हालांकि, 38 वर्षीय खिलाड़ी रॉड लेवर एरिना में अपने परफेक्ट खिताबी रिकॉर्ड को बरकरार नहीं रख सके और संघर्ष करते हुए मुकाबला गंवा बैठे।

अल्काराज ने चौथे सेट के 12वें गेम में निर्णायक ब्रेक लेकर तीन घंटे, दो मिनट में जीत हासिल की। इसी के साथ जोकोविच का रिकॉर्ड 25वें ग्रैंड स्लैम खिताब का इंतजार लंबा हो गया है।

अल्काराज अब 7 बार के ग्रैंड स्लैम सिंगल्स चैंपियन हैं। इसके साथ वह अपने साथी जॉन मैकएनरो और मैट्स विलेंडर के साथ ऑल-टाइम सूची में बराबरी पर आ गए हैं।

स्पेनिश खिलाड़ी करियर ग्रैंड स्लैम पूरा करने वाले आठवें खिलाड़ी बन गए हैं। इस लिस्ट में फ्रेड पेरी (1935), डॉन बज (1938), रॉड लेवर (1962), रॉय एमर्सन (1964), आंद्रे अगासी (1999), रोजर फेडरर (2009), राफेल नडाल (2010), और नोवाक जोकोविच (2015) मौजूद हैं। इनमें से डॉन बज और रॉड लेवर ने एक कैलेंडर वर्ष में ग्रैंड स्लैम जीता था।

–आईएएनएस

आरएसजी


Show More
Back to top button