अश्वनी कुमार शर्मा बने पंजाब भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष, रवनीत सिंह बिट्टू ने दी बधाई


नई दिल्‍ली, 7 जुलाई (आईएएनएस)। पंजाब में भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा बदलाव किया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोमवार को पंजाब में पठानकोट से विधायक अश्विनी कुमार शर्मा को कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। इसकी जानकारी भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने दी।

इस नियुक्ति के बाद केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने अश्विनी कुमार शर्मा को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

उन्‍होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्‍स पर एक पोस्‍ट किया, अश्विनी कुमार शर्मा को पंजाब भाजपा का नया कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई। आपका समृद्ध अनुभव और पार्टी के प्रति अटूट प्रतिबद्धता निस्संदेह पंजाब में भाजपा की स्थिति को मजबूत करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में आपको इस नई जिम्मेदारी में अपार सफलता की शुभकामनाएं।

भाजपा पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिहाज से भी फैसले ले रही है। अश्विनी एक अनुभवी नेता हैं और पहले भी पार्टी में कई अहम पदों पर काम कर चुके हैं। अश्विनी कॉलेज के दिनों से आरएसएस और भाजपा के छात्र संगठन एबीवीपी से जुड़े हुए थे। वह 2007 से 2010 तक पंजाब भाजपा के महासचिव भी रहे हैं।

भाजपा के संगठनात्मक ढांचे को देखते हुए अश्विनी शर्मा को कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बनाना एक रणनीतिक फैसला माना जा रहा है। उन्होंने पठानकोट सीट पर अमित विज को हराकर जीत हासिल की। यह जीत 7759 वोटों के अंतर से हुई थी। भाजपा ने यह फैसला पार्टी को मजबूत करने के लिए किया है।

उल्‍लेखनीय है कि पंजाब में लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा को 13 सीटों में से एक भी सीट नहीं मिली थी। चुनाव के इस परिणाम की जिम्‍मेदारी लेते हुए सुनील जाखड़ ने अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा की थी।

–आईएएनएस

एएसएच/डीएससी


Show More
Back to top button