आशा भोसले के पूरे परिवार ने संगीत क्षेत्र में बनाई अलग पहचान


मुंबई, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल चीज क्या है, परदे में रहने दो, इन आंखों की मस्ती जैसे गीत गाकर अमर कर देने वाली मशहूर गायिका आशा भोसले ने रविवार को दुनिया को अलविदा कह दिया। आशा भोसले अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। आशा भोसले का घर दक्षिण मुंबई के गोपालराव देशमुख मार्ग पर प्रभुकुंज अपार्टमेंट में स्थित है। आशा भोसले का पूरा परिवार संगीत जगत से जुड़ा रहा है।

आशा भोसले के पिता पंडित दीनानाथ मंगेशकर भी गायक और अभिनेता थे जबकि मां शेवंती मंगेशकर गृहिणी थीं। पिता दीनानाथ मंगेशकर ने पांच वर्ष की आयु में श्री बाबा माशेलकर से गायन और भारतीय शास्त्रीय संगीत की शिक्षा लेना शुरू किया। वे ग्वालियर घराने के शिष्य भी बने। रामकृष्णबुवा वाजे की विविध और जोशीली शैली से वे अत्यंत प्रभावित हुए और वाजे के गण्डबंध शिष्य (भारतीय शास्त्रीय संगीत में औपचारिक रूप से दीक्षित शिष्य) बन गए। युवावस्था में उन्होंने बीकानेर की यात्रा की और किराना घराने के पंडित मणि प्रसाद के पिता पंडित सुखदेव प्रसाद से शास्त्रीय संगीत का औपचारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया । 11 वर्ष की आयु में किर्लोस्कर संगीत मंडली और किर्लोस्कर नाटक मंडली में शामिल हो गए। दीनानाथ के आकर्षक रूप और सुरीली आवाज ने उन्हें मराठी रंगमंच में लोकप्रियता दिलाई। उन्होंने 1935 में तीन फिल्में बनाईं, जिनमें से एक कृष्णार्जुन युद्ध थी। यह फिल्म हिंदी और मराठी दोनों भाषाओं में बनी थी और फिल्म का एक गीत दीनानाथ ने गाया था और उन्हीं पर फिल्माया गया था।

लता मंगेशकर के पिता दीनानाथ मंगेशकर का जन्म 29 दिसंबर 1900 को गोवा के मंगेशी में हुआ था। इनके पिता गणेश भट्ट नवथे, जिन्हें भीकोबा या भीकम्भट्ट कहा जाता था। भीकोबा  गोवा के प्रसिद्ध मंगेशी मंदिर में पुजारी थे। दीनानाथ की माता येसुबाई राणे एक प्रतिष्ठित संगीतकार थीं। वहीं, भारत की महान गायिका लता मंगेशकर आशा भोसले की बड़ी बहन थीं। बहन ऊषा मंगेशकर गायिका और मीना खड़िकर गायक-संगीतकार व भाई हृदयनाथ मंगेशकर संगीतकार थे।

आशा भोसले ने बहुत कम उम्र में लता मंगेशकर के निजी सचिव 31 वर्षीय गणपतराव भोसले से शादी कर ली थी। भोसले के तीन बच्चों में सबसे बड़े हेमंत भोसले ने अपने शुरुआती वर्षों का अधिकांश समय पायलट के रूप में बिताया और फिर संगीत निर्देशक के रूप में संक्षिप्त करियर बनाने के लिए नौकरी छोड़ दी। हेमंत का 2015 में कैंसर से निधन हो गया था। वहीं, बेटी वर्षा भोसले पत्रकार और लेखिका थीं, जिन्होंने 8 अक्टूबर 2012 को 56 वर्ष की आयु में आत्महत्या कर ली थी। भोसले के सबसे छोटे बेटे आनंद भोसले ने व्यवसाय और फिल्म निर्देशन की पढ़ाई की है। वह आशा भोसले के करियर का प्रबंधन करते हैं। आशा भोसले के पोते चैतन्य भोसले (हेमंत के बेटे) संगीत की दुनिया से जुड़े हैं। वह भारत के पहले और एकमात्र बॉय बैंड ‘ए बैंड ऑफ बॉयज़’ के सदस्य हैं। पोती जनाई भोसले (आनंद भोसले की बेटी) मुंबई में आईएज़्योर एप्पल इंक स्टोर चलाती हैं। जनाई एक उभरती हुई गायिका और कथक नृत्यांगना हैं। भोसले ने लंबे प्रेम संबंध के बाद 1980 में राहुल देव बर्मन से दूसरी शादी की थी। आशा भोसले और राहुल देव बर्मन (आर.डी. बर्मन) की जोड़ी भारतीय फिल्म संगीत इतिहास की सबसे चर्चित और सफल जोड़ियों में गिनी जाती है। 1994 में आरडी बर्मन का निधन हो गया था।

–आईएएनएस

ओपी/पीएम


Show More
Back to top button