सीडब्ल्यूजी 2026: बाउट से पहले घटाया वजन, अरुंधति चौधरी ने बताया कैसे भारत के लिए पक्का किया पदक


ग्लासगो, 29 जुलाई (आईएएनएस)। अरुंधति चौधरी ने बुधवार को महिलाओं की 70 किलोग्राम कैटेगरी के क्वार्टरफाइनल में न्यूजीलैंड की मॉर्गन हेंडरसन को 3-1 के स्प्लिट फैसले से हराकर कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का मेडल पक्का कर लिया है। इस जीत के बाद अरुंधति ने बताया कि उन्होंने बाउट से पहले 2 किलोग्राम वजन कम किया था।

इस भारतीय बॉक्सर ने तीन राउंड के मुकाबले में संयम और रणनीतिक अनुशासन दिखाया और कड़े मुकाबले में हेंडरसन को हराया। तीन जजों ने तीनों राउंड अरुंधति के पक्ष में (30-26) स्कोर किए, जबकि एक जज ने मुकाबला न्यूजीलैंड की बॉक्सर के पक्ष में फैसला दिया। पांचवें जज का स्कोर 28-28 पर बराबर था, लेकिन हेंडरसन के एक प्वाइंट कटने से फैसला अरुंधति के पक्ष में चला गया।

इस जीत के साथ अरुंधति सेमीफाइनल में पहुंच गईं और कम से कम ब्रॉन्ज मेडल सुनिश्चित कर लिया, क्योंकि कॉमनवेल्थ गेम्स में बॉक्सिंग में सेमीफाइनल हारने वाले दोनों खिलाड़ियों को ब्रॉन्ज मेडल मिलता है।

इस जीत के बाद अरुंधति चौधरी ने बताया कि कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में रिंग में उतरने से पहले उनकी सबसे मुश्किल प्रतिद्वंद्वी कोई दूसरी बॉक्सर नहीं, बल्कि वजन करने वाली मशीन थी।

क्वार्टर फाइनल में जीत के बाद अरुंधति ने ‘आईएएनएस’ को बताया, “कुछ वजहों से मेरा वजन बढ़ गया था, लेकिन वजन को मेंटेन रखने के लिए मैंने कल 2 किलो वजन कम किया। यह वाकई बहुत मुश्किल था।”

अरुंधति चौधरी का लक्ष्य देश के लिए गोल्ड मेडल जीतना है। उन्होंने कहा, “मैं यह मेडल अपने छोटे भाई और परिवार को समर्पित करना चाहती हूं। भारत के युवाओं के लिए मेरा संदेश है कि आप सभी के आशीर्वाद की वजह से ही मैं आज यहां हूं। मैं भारत के लिए गोल्ड मेडल जीतूंगी।”

बॉक्सिंग प्रतियोगिता में भारत का प्रदर्शन शानदार रहा है, कई बॉक्सर अपनी-अपनी वेट कैटेगरी में आगे बढ़े हैं, जो इस खेल में देश की बढ़ती ताकत को दिखाता है।

–आईएएनएस

आरएसजी


Show More
Back to top button