एप्पल ने भारत में लॉन्च किया 'बैक टू स्कूल' ऑफर, मैक खरीदने पर मिलेगा फ्री एयरपॉड्स


नई दिल्ली, 16 जुलाई (आईएएनएस)। अमेरिकी टेक दिग्गज एप्पल इंक. ने गुरुवार को भारत में अपना ‘बैक टू स्कूल एजुकेशन’ ऑफर लॉन्च किया, जिसके तहत स्टूडेंट्स, उनके पैरेंट्स और टीचर्स को चुनिंदा मैक और आईपैड खरीदने पर मुफ्त एक्सेसरीज दी जाएंगी।

कंपनी के मुताबिक, यह ऑफर 16 जुलाई 2026 से 27 अगस्त 2026 तक लागू रहेगा। इस दौरान कॉलेज स्टूडेंट्स, उनके पैरेंट्स और सभी एजुकेटर्स यदि कोई एलिजिबल मैक या एलिजिबल आईपैड खरीदते हैं, तो वे अपनी पसंद के अनुसार एयरपॉड्स, एप्पल पेंसिल या एयरटैग जैसी कॉम्प्लिमेंट्री एक्सेसरी चुन सकते हैं।

एप्पल ने कहा कि यह ऑफर पूरे साल मिलने वाली उसकी एजुकेशन सेविंग्स के अलावा है। कंपनी पहले से ही मैक, आईपैड, एप्पल वॉच और अन्य प्रोडक्ट्स पर एजुकेशन डिस्काउंट उपलब्ध कराती है।

ऑफर के तहत मैकबुक एयर या मैकबुक प्रो खरीदने वाले ग्राहकों को एयरपॉड्स 4 या एयरटैग 4 पैक मुफ्त मिलेगा। वहीं, आईपैड एयर या आईपैड प्रो खरीदने वाले ग्राहकों को एप्पल पेंसिल प्रो बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के दी जाएगी।

इसके अलावा, ग्राहक चाहें तो कुछ अन्य एक्सेसरीज रियायती कीमत पर भी खरीद सकते हैं। इनमें एक्टिव नॉइज कैंसिलेशन वाले एयरपॉड्स 4 5,000 रुपए में और एयरपॉड्स प्रो 3 13,000 रुपए में उपलब्ध होंगे।

आईपैड खरीदने वाले ग्राहकों के लिए भी कई वैकल्पिक ऑफर रखे गए हैं। वे एयरटैग 4 पैक 2,000 रुपए में, एयरपॉड्स 4 2,000 रुपए में, एक्टिव नॉइज कैंसिलेशन वाले एयरपॉड्स 4 7,000 रुपए में और एयरपॉड्स प्रो 3 15,000 रुपए में खरीद सकते हैं।

कंपनी ने बताया कि एप्पल स्टोर ऑनलाइन या एप्पल स्टोर ऐप के जरिए ऑर्डर किए जाने वाले एलिजिबल एक्सेसरीज पर ग्राहक बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के फ्री एनग्रेविंग की सुविधा भी ले सकेंगे।

कॉलेज स्टूडेंट्स, उनके पैरेंट्स और सभी एजुकेटर्स यूनिडेज के माध्यम से ऑनलाइन या किसी भी एप्पल रिटेल स्टोर पर अपनी पात्रता का सत्यापन कर इस ऑफर का लाभ उठा सकते हैं।

इस बीच, एप्पल ने भारत में आईफोन मैन्युफैक्चरिंग में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की है। कंपनी ने वर्ष 2025 में भारत में करीब 5.5 करोड़ आईफोन तैयार किए, जबकि 2024 में यह संख्या लगभग 3.6 करोड़ थी। यानी एक साल में भारत में आईफोन उत्पादन में करीब 53 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।

एप्पल दुनिया भर में हर साल लगभग 22 से 23 करोड़ आईफोन का उत्पादन करती है और इसमें भारत की हिस्सेदारी लगातार बढ़ रही है। इसका प्रमुख कारण सरकार की प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआई) योजना है।

कंपनी का कहना है कि इस योजना से मिलने वाली प्रोत्साहन राशि ने चीन की तुलना में भारत में सप्लाई चेन और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी लागत संबंधी चुनौतियों की भरपाई करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

–आईएएनएस

डीबीपी


Show More
Back to top button