रणवीर सिंह के अलावा सलमान खान के जीजा आयुष शर्मा को भी मिला था धमकी भरा ईमेल, जांच में जुटी पुलिस

मुंबई, 20 फरवरी (आईएएनएस)। रोहित शेट्टी के घर फायरिंग मामले के बाद अभिनेता रणवीर सिंह के मैनेजर को धमकी भरा मैसेज भेजा गया था।
दोनों ही मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच लगातार छानबीन कर रही है और रोहित शेट्टी के घर फायरिंग मामले में कुल 12 लोगों की गिरफ्तारी कर चुकी है, लेकिन अब मामले में नया अपडेट भी सामने आया है। मुंबई पुलिस ने खुलासा किया है कि अभिनेता सलमान खान के जीजा आयुष शर्मा को धमकी भरा ईमेल भेजा गया था।
मुंबई पुलिस ने खुलासा किया है कि रणवीर सिंह के अलावा, बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के जीजा आयुष शर्मा को धमकी भरा ईमेल गया था। मामले में प्रारंभिक जांच कर क्राइम ब्रांच ने पाया कि ईमेल स्वीडन से आया हो सकता है, लेकिन पुष्टि के लिए क्राइम ब्रांच ने स्वीडन की संबंधित एजेंसी से विस्तार से जानकारी मांगी है। मामले में क्राइम ब्रांच ने आयुष शर्मा के मैनेजर का भी बयान दर्ज किया है; इस मामले में अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
मामले पर जानकारी देते हुए मुंबई पुलिस ने बताया कि कुछ दिनों पहले ही अज्ञात शख्स ने ईमेल के जरिए अभिनेता आयुष शर्मा को धमकी दी थी। ईमेल करने वाले ने बिश्नोई गैंग से होने का दावा किया था। ईमेल में अभिनेता से करोड़ों रुपये की मांग की थी।
बता दें कि लगातार बिश्नोई गैंग बॉलीवुड सेलेब्स को धमकी भरे मेल के जरिए डराने की कोशिश कर रहा है। बिश्नोई गैंग रोहित शेट्टी और सलमान खान के करीबी लोगों को अपना निशाना बना रही है। रणवीर सिंह मामले में भी बिश्नोई गैंग ने अभिनेता के मैनेजर को धमकाते हुए 10 करोड़ रुपये की मांग की थी। क्राइम ब्रांच में जांच में पाया कि अभिनेता के मैनेजर को भेजा गया मैसेज अमेरिकी नंबर से आया है।
मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि क्राइम ब्रांच उस नंबर की जानकारी लेने के लिए प्रोटोकॉल के माध्यम से अमेरिका की संबंधित एजेंसी से संपर्क कर रही है। अभिनेता के मैनेजर को धमकी भरा वॉयस मैसेज भेजने की जिम्मेदारी बिश्नोई गैंग के गुर्गे हैरी बॉक्सर ने ली थी, और उसने रोहित शेट्टी और रणवीर सिंह को भी जान से मारने की धमकी दी थी।
–आईएएनएस
पीएस/एएस