बेटी के लिए रसोई से निकलकर पहचान बनाती अंजना सिंह, रिलीज हुआ 'चटोरी बहू-2' का ट्रेलर

मुंबई, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। भोजपुरी सिनेमा में दशक से ज्यादा तक अपनी फिल्मों के जरिए फैंस के दिलों पर राज करने वाली अंजना सिंह की नई फिल्म ‘चटोरी बहू-2’ का ट्रेलर रिलीज हो चुका है।
फिल्म में घर की रसोई से शुरू हुई पाक कला के जरिए अंजना पूरे जिले में पहचान बनाती हैं; हालांकि, अभिनेत्री के लिए यह सफर आसान नहीं होता। फिल्म ‘चटोरी बहू-2’ का ट्रेलर रिलीज के साथ ही सुर्खियां बटोर रहा है।
फिल्म में अंजना ने एक सीधी-साधी बहू का किरदार निभाया है, जो गरीब घर से है लेकिन पाक-कला में निपुण। अंजना स्वादिष्ट खाना बनाकर पूरे परिवार का दिल जीत लेती है लेकिन जब बात उनकी बच्ची के स्कूल में दाखिला कराने की आती है तो देवरानी और जेठानी मिलकर पूरी साजिश करती हैं कि बच्ची का दाखिला सरकारी स्कूल में ही हो, प्राइवेट में नहीं, क्योंकि फीस बहुत ज्यादा है। ये बात अंजना को बहुत बुरी लगती है और वो अपनी पाक कला के दम पर भी अपनी पहचान बनाकर, पैसे जमा कर अपनी बच्ची का दाखिला अच्छे स्कूल में कराने का सोचती है।
अभिनेत्री जिले में होने वाले पाक कला के कॉम्पिटिशन में हिस्सा लेती है। परिवार के बाकी लोग और देवरानी-जेठानी कोशिश करती है कि अंजना प्रतियोगिता में हिस्सा न ले पाएं। दोनों गुंडों का सहारा लेकर अंजना को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करती हैं, लेकिन अंजना हार न मानते हुए प्रतियोगिता में हिस्सा लेती हैं और उसे जीतती भी है। फिल्म की कहानी पारिवारिक होने के साथ-साथ एक मां की हिम्मत को दिखाती है, जो बच्ची को अच्छी शिक्षा दिलाने के लिए अपने घरवालों का ही विरोध सहती है।
ट्रेलर को सोशल मीडिया पर मिला-जुला रिस्पॉन्स मिल रहा है और फैंस फिल्म के रिलीज का भी इंतजार कर रहे हैं। फिल्म की रिलीज डेट की घोषणा अभी तक हुई नहीं है। फिल्म में अंजना सिंह के अलावा प्रशांत सिंह, लाडो मधेसिया, ज्योति मिश्रा, सोनाली मिश्रा, अमर कुश, अमित शुक्ला, रूपा सिंह, प्रकाश जैस, सी.पी भट्ट, और सपना यादव शामिल हैं। फिल्म का निर्देशन श्तियाक़ शेख बंटी ने किया है, जबकि फिल्म के निर्माता संदीप सिंह और इश्तियाक़ शैख़ बंटी दोनों हैं।
–आईएएनएस
पीएस/एएस