आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण अस्पताल में भर्ती, प्रधानमंत्री मोदी ने फोन कर पूछा हालचाल

नई दिल्ली, 19 अप्रैल (आआईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण की तबीयत खराब होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी सर्जरी हुई है। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन कर पवन कल्याण से बातचीत कर हालचाल जाना।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, “आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण से बात की और उनका हालचाल पूछा। वे बेहद साहसी हैं और मुझे पूरा विश्वास है कि वे बहुत जल्द ठीक हो जाएंगे। उनके अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना कर रहा हूं।”
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने एक्स पर लिखा, “पवन कल्याण को उनकी सर्जरी के बाद जल्द ठीक होने की मेरी शुभकामनाएं। ईश्वर करे कि वे जल्द ही अपनी ताकत वापस पा लें और पहले से भी ज्यादा स्वस्थ होकर लौटें।”
आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएमओ की ओर से एक्स पर पोस्ट किया गया है, “उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण की शनिवार शाम को सर्जरी हुई। शुक्रवार सुबह जब वे अपने अधिकारियों के साथ प्रशासनिक मामलों पर चर्चा कर रहे थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बहुत ज्यादा बिगड़ गई। पिछले कुछ महीनों से उन्हें स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। इसी वजह से अपने निजी डॉक्टरों की सलाह पर उन्होंने शुक्रवार के अपने सभी सरकारी कार्यक्रम रद्द कर दिए और अस्पताल चले गए।
वहां मेडिकल जांच के साथ-साथ उनका एमआरआई भी किया गया। जांच रिपोर्ट देखने के बाद डॉक्टरों ने तय किया कि सर्जरी जरूरी है और उन्होंने सर्जरी कर दी। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि एक हफ्ते से दस दिन तक आराम करने के बाद वे सरकारी कार्यक्रमों में हिस्सा ले सकते हैं, हालांकि डॉक्टरों ने यह भी कहा है कि लंबे समय तक सावधानी बरतना जरूरी है और पूरी तरह ठीक होने में अभी और समय लगेगा।”
पवन के राजनीतिक सचिव हरिप्रसाद ने बताया कि हैदराबाद के अस्पताल में उनकी सर्जरी हुई। डॉक्टरों ने बताया है कि उनकी सेहत अभी स्थिर है।
–आईएएनएस
ओपी/वीसी