अखिलेश यादव का तंज, बोले- बेसुध को सब माफ, जनता इन्हें क्षमा करने के मूड में नहीं


लखनऊ, 8 अगस्त (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर बिना नाम लिए निशाना साधा है। लखनऊ अग्निकांड में अपना बच्चा खोने वाली एक मां से कथित दुर्व्यवहार और अभद्र भाषा के इस्तेमाल का जिक्र करते हुए अखिलेश ने कहा, “ऐसे लोगों से सभ्य भाषा और अच्छे व्यवहार की उम्मीद करना ही बेकार है।”

अखिलेश ने कहा कि जनता ऐसे लोगों को माफ करने के मूड में नहीं है और अंत में लिखा- ‘अलविदा!’

अखिलेश यादव ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, “बेसुध को सब माफ़!” उन्होंने लिखा, “जो लखनऊ अग्निकांड में उस एक दुखी मां के साथ, जिसने अपना बच्चा खोया हो, कैमरे के सामने सरेआम बदजुबानी और दुर्व्यवहार कर सकते हैं, ऐसे लोगों से सद्-वचन एवं सद्-व्यवहार की अपेक्षा ही निरर्थक है।”

सपा प्रमुख ने आगे कहा, “व्यक्ति को स्वयं का नहीं तो उन पदों का सम्मान करना चाहिए जिस पर वह बैठे हैं या फिर शीघ्र ही वापस जाकर जिस पद पर उन्हें बैठना है। उन्होंने कहा, “वाणी में सरस्वती मां का वास होता है, ये न परलोक की मां का सम्मान करना जानते हैं, न इहलोक की मां का। इनके तो दोनों लोक बिगड़ गए।’

अखिलेश यादव ने लिखा, “हमने इन्हें मन से माफ किया क्योंकि वो किसी और के असर में हैं। जाते हुए लोगों से क्या तो शिकवा, क्या शिकायत।” उन्होंने अपने पोस्ट के अंत में कहा, “जनता इन्हें माफ़ करने के मूड में नहीं है। अलविदा।

–आईएएनएस

विकेटी/एएस


Show More
Back to top button