अखिलेश यादव ने एसआईआर पर उठाए सवाल, बोले- दो से तीन करोड़ वोट काटे जाने की साजिश

सहारनपुर, 7 दिसंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक बार फिर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर वोट काटे जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान स्थिति को देखते हुए करीब दो से तीन करोड़ लोगों के वोट कट सकते हैं।
एसआईआर को लेकर अखिलेश यादव ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि चुनाव आयोग का दायित्व अधिक से अधिक लोगों का वोट बनवाना है, लेकिन उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर वोट काटे जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान स्थिति को देखते हुए करीब दो से तीन करोड़ लोगों के वोट कट सकते हैं। जनता कागज ढूंढने में परेशान है, जबकि हर किसी के पास आधार कार्ड, फिंगरप्रिंट और रेटिना की जानकारी पहले से दर्ज है। आधुनिक तकनीक का सही उपयोग होता तो न फार्म भरना पड़ता, न कागज ढूंढने पड़ते और न ही बीएलओ को जोखिम उठाकर घर-घर जाना पड़ता।
अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार ने अपने चुनावी वादों में से एक भी वादा पूरा नहीं किया है। आगामी विधानसभा चुनाव में जनता समाजवादी पार्टी के पक्ष में ऐतिहासिक परिणाम देगी। सहारनपुर की जनता ने लोकसभा चुनाव में गठबंधन का साथ दिया था और उन्हें भरोसा है कि आगे भी जनता समाजवादी पार्टी और गठबंधन को समर्थन देगी, जिससे प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर जनता को परेशान कर रही है, जैसा कि नोटबंदी और कोविड के दौरान किया गया था। महाकुंभ में भी कई लोगों की जान गई, लेकिन सरकार ने सही आंकड़े जारी नहीं किए।
उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुके हैं। डॉलर के मुकाबले लगातार गिरती रुपए की कीमत को उन्होंने आर्थिक संकट का संकेत बताते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर विफल हैं और सच्चाई छिपाने की कोशिश कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि किसान, नौजवान, मजदूर सहित हर वर्ग परेशान है और सरकार भावनाओं की राजनीति के सहारे सत्ता चला रही है। उन्होंने कहा कि यह सरकार संविधान से नहीं, बल्कि राजनीतिक उद्देश्यों से संचालित हो रही है, जबकि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने शासन को संविधान के मार्ग पर चलने का स्पष्ट रास्ता दिखाया था।
–आईएएनएस
विकेटी/डीकेपी