अजय हुड्डा और कविता जोशी की केमिस्ट्री, 'बालम माकोडे वर्गा' में देसी अंदाज से खींचा ध्यान


मुंबई, 13 मार्च (आईएएनएस)। हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में अभिनेत्री और डांसर कविता जोशी का अपना एक अलग ही बोलबाला है। फैंस उन्हें प्यार से ‘देसी क्वीन’ भी कहते हैं। हरियाणवी गानों और फिल्मों के जरिए उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है और सोशल मीडिया पर भी उनकी जबरदस्त फैन फॉलोइंग है। शुक्रवार को कविता जोशी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक नई क्लिप साझा की है, जो उनके नए हरियाणवी गाने ‘बालम माकोडे वर्गा’ की शूटिंग से जुड़ी है।

इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गई वीडियो में ‘बालम माकोडे वर्गा’ गाने की शूटिंग के कुछ खास पल दिखाई दे रहे हैं। क्लिप में देसी सेटअप, हरियाणवी माहौल और कलाकारों का पारंपरिक अंदाज देखने को मिल रहा है। वीडियो में कविता जोशी का लुक भी काफी आकर्षक लग रहा है। गाने की लाइन्स के साथ उनके हाव-भाव और देसी अंदाज इसे और दिलचस्प बना देते हैं। वहीं इस गाने में उनके साथ हरियाणवी कलाकार अजय हुड्डा भी नजर आ रहे हैं। दोनों की केमिस्ट्री को लोग काफी पसंद कर रहे हैं।

गाने की बात करें तो, गाना टी-सीरीज हरियाणवी नामक यूट्यूब चैनल पर उपलब्ध है। इस गाने में विनू गौर और सुशीला तखर ने अपनी दमदार आवाज दी है। वहीं, संगीत विनू गौर ने दिया है, जबकि गीत अजय हुड्डा ने लिखे हैं।

कविता जोशी ने हरियाणवी फिल्म और म्यूजिक इंडस्ट्री में लंबे समय से काम किया है। उन्होंने अपने अभिनय करियर की शुरुआत 2007 में आई हरियाणवी फिल्म ‘मन्नू धाकड़ मैन’ से की थी। इसके बाद वह कई फिल्मों और म्यूजिक वीडियो में नजर आईं और धीरे-धीरे हरियाणवी दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हो गईं। उनकी फिल्मों की लिस्ट में ‘सोनोटेक’, ‘झलक’, ‘नटखट’, ‘लाड़ साहब’, ‘हम दो भगोड़े’, ‘हद हो गई संजना’, ‘कट्टू कट्टू’, ‘फक्कड़ गोरी’, ‘कुनबा’ जैसी कई फिल्में शामिल हैं।

इसके अलावा उन्होंने ‘विकास की बहू’, ‘फजीता’, ‘उलझ पलझ’, ‘निकडू सेनापति’, ‘जोड़ा ठाठ का’, ‘डिअर वर्सेज बियर’, ‘अकड़ 2’, ‘धाकड़ लवर’ और ‘ये कैसा पल दो पल का प्यार’ जैसी फिल्मों में भी काम किया है।

फिल्मों के अलावा कविता जोशी टेलीविजन पर भी नजर आ चुकी हैं। वह क्राइम आधारित टीवी शो ‘क्राइम पेट्रोल’ में काम कर चुकी हैं।

–आईएएनएस

पीके/एएस


Show More
Back to top button