फुकेत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हैदराबाद से जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में आई खराबी, कुछ देर के लिए ठप हुआ ऑपरेशन

नई दिल्ली, 11 मार्च (आईएएनएस)। एयर इंडिया एक्सप्रेस के एक विमान को बुधवार को थाईलैंड के फुकेत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग के बाद तकनीकी समस्या का सामना करना पड़ा, जिसके कारण एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए उड़ानों का संचालन रोक दिया गया।
एयरलाइन ने बताया कि हैदराबाद से फुकेत जा रही उसकी फ्लाइट में लैंडिंग के बाद विमान के नोज व्हील (आगे के पहिये) में समस्या आ गई।
यह फ्लाइट आईएक्स-938 है, जिसने राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, हैदराबाद से उड़ान भरी थी और फुकेत जा रही थी।
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने अपने बयान में पुष्टि करते हुए कहा कि 11 मार्च को फुकेत एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद विमान के नोज व्हील में तकनीकी दिक्कत सामने आई।
नोज व्हील विमान के लैंडिंग गियर सिस्टम का एक अहम हिस्सा होता है, जो विमान को जमीन पर चलते समय दिशा बदलने और नियंत्रित करने में मदद करता है।
एयरलाइन ने कहा, “हम पुष्टि करते हैं कि 11 मार्च को हमारी हैदराबाद-फुकेत फ्लाइट में फुकेत एयरपोर्ट पर नोज व्हील से जुड़ी समस्या सामने आई।”
एयर इंडिया एक्सप्रेस के प्रवक्ता ने बताया कि क्रू ने सभी मानक सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन किया और सभी यात्रियों को सुरक्षित तरीके से विमान से उतार दिया गया। उन्होंने यात्रियों, फुकेत एयरपोर्ट प्रशासन और अन्य संबंधित पक्षों के सहयोग के लिए धन्यवाद भी दिया।
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटराडार24 के अनुसार, यह फ्लाइट सुबह 6:42 बजे हैदराबाद से रवाना हुई, जो अपने तय समय 6:20 बजे से थोड़ी देर बाद थी। विमान स्थानीय समय के अनुसार सुबह 11:40 बजे फुकेत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड हुआ।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस घटना के बाद विमान रनवे पर ही रुक गया, जिसके कारण सुरक्षा के तौर पर कुछ समय के लिए एयरपोर्ट पर अन्य उड़ानों का संचालन रोक दिया गया।
अधिकारियों ने स्थिति संभाले जाने तक अन्य उड़ानों को रोक दिया था। एयरलाइन ने कहा कि विमान के रुकने के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
हालांकि बोइंग 737 मैक्स 8 विमान में कितने यात्री सवार थे, इसकी जानकारी तुरंत उपलब्ध नहीं हो पाई।
इस बीच, पिछले साल दिसंबर में भी एयरलाइन ने बताया था कि विजयवाड़ा से विशाखापत्तनम जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट को उड़ान से पहले पायलट द्वारा तकनीकी खराबी का पता चलने के बाद रद्द कर दिया गया था।
–आईएएनएस
डीबीपी/