'द ओवल' टेस्ट : जायसवाल के शतक के बाद जडेजा और सुंदर ने जड़ा अर्धशतक, दूसरी पारी में भारत ने बनाए 396 रन

लंदन, 2 अगस्त (आईएएनएस)। इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें टेस्ट की दूसरी पारी में 396 रनों पर सिमट गई। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के शतक के बाद रवींद्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर ने 53-53 रनों की अर्धशतकीय पारी खेल कर टीम का स्कोर 396 रनों तक पहुंचाया।
भारत ने तीसरे दिन की शुरुआत 2 विकेट पर 75 रनों से की थी। पहले सत्र का आकर्षण तेज गेंदबाज आकाश दीप रहे। उन्होंने बल्ले से कमाल किया और अपना पहला अर्धशतक लगाया। आकाश 94 गेंद पर 66 रन बनाकर आउट हुए। गिल 11 और नायर 17 रन बनाकर आउट हुए।
यशस्वी जायसवाल ने एक छोर थामे रखा और बेहतरीन शतक लगाया। जायसवाल का यह छठा टेस्ट शतक था। उन्होंने 164 गेंद पर 2 छक्के और 12 चौके लगाते हुए 118 रन बनाए।
रवींद्र जडेजा ने 77 गेंद पर 53, ध्रुव जुरेल ने 46 गेंद पर 34 और वाशिंगटन सुंदर ने 46 गेंद पर 53 रन बनाकर टीम का स्कोर 396 तक पहुंचाया।
इंग्लैंड को पहली पारी में 23 रनों की लीड मिली थी। इस आधार पर इंग्लैंड को अब पांचवें टेस्ट में जीत के लिए 374 रन बनाने होंगे। इंग्लैंड के लिए जोश टंग ने 5, गस एटकिंसन ने 3, और जोमी ओवर्टन ने 2 विकेट चटकाए।
इससे पहले इंग्लैंड की पहली पारी 247 रनों पर सिमटी थी। इंग्लैंड के लिए जैक क्रॉली ने 64 और हैरी ब्रूक ने 53 रन बनाए थे। भारत के लिए मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने 4-4 विकेट लिए थे।
टीम इंडिया की पहली पारी 224 रनों पर सिमटी थी, जिसमें सर्वाधिक 57 रन करुण नायर ने बनाए थे। गस एटकिंसन ने 5 विकेट लिए थे। इंग्लैंड को पहली पारी के आधार पर भारत पर 23 रनों की बढ़त हासिल हुई।
इंग्लैंड के लिए 374 का लक्ष्य आसान नहीं होने वाला है। भारतीय टीम अगर यह टेस्ट मैच जीत जाती है, तो सीरीज 2-2 से बराबर हो सकती है। फिलहाल, इंग्लैंड 2-1 से टेस्ट सीरीज में बढ़त बनाए हुए है।
–आईएएनएस
पीएके/एससीएच