शिरडी मंदिर पहुंचकर प्रार्थना बेहेरे ने लिया आशीर्वाद, 'साखे ग सजनी' की दिलचस्प कहानी का किया खुलासा

मुंबई, 31 मार्च (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के शिरडी में इन दिनों मराठी फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री प्रार्थना बेहेरे अपकमिंग फिल्म ‘साखे ग सजनी’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म रिलीज से पहले उन्होंने शिरडी मंदिर पहुंचकर आशीर्वाद लिया और अपनी फिल्म के बारे में आईएएनएस से बातचीत की। उन्होंने फिल्म की कहानी और उससे जुड़े भाव को भी विस्तार से साझा किया।
आईएएनएस से बात करते हुए प्रार्थना बेहेरे ने कहा, “‘साखे ग सजनी’ एक ऐसी कहानी है, जो दोस्ती और जिंदगी के बदलाव को बहुत ही खास तरीके से दिखाती है। फिल्म में तीन दोस्तों की कहानी है, जो एक सोलो ट्रिप पर निकलते हैं। यह ट्रिप सिर्फ एक घूमने-फिरने का सफर नहीं होता, बल्कि उनके जीवन को पूरी तरह बदल देने वाला अनुभव बन जाता है।”
उन्होंने बताया, ”इस यात्रा के दौरान जो घटनाएं होती हैं, वही इस फिल्म की असली कहानी है और यही इसे खास बनाती है।”
उन्होंने आगे कहा, ”आज के समय में लोग ट्रैवल को सिर्फ मनोरंजन या छुट्टी के तौर पर देखते हैं, लेकिन कई बार यही यात्राएं इंसान को खुद से जोड़ने और जीवन को नए नजरिए से देखने का मौका देती हैं। ‘साखे ग सजनी’ भी इसी भाव को दर्शाती है, जहां दोस्ती, अनुभव और आत्म-खोज एक साथ आते हैं। दर्शक इस कहानी से खुद को जोड़ पाएंगे। इसमें आम जिंदगी के एहसास और रिश्तों की सच्चाई को दिखाया गया है।”
प्रार्थना बेहेरे ने कहा, ”मुझे अपने दर्शकों पर पूरा भरोसा है कि लोग इस फिल्म को थिएटर में देखने जरूर आएंगे और इसे उतना ही प्यार देंगे, जितना उनके पिछले प्रोजेक्ट्स को मिला है।”
अगर प्रार्थना बेहेरे के करियर की बात करें, तो उन्होंने बहुत कम उम्र में अभिनय की शुरुआत कर दी थी। उन्होंने सबसे पहले मराठी सिनेमा में कदम रखा और धीरे-धीरे अपनी पहचान बनाई। साल 2009 में उन्होंने मराठी फिल्म ‘रीता’ से करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने ‘माई लेक’ जैसी फिल्मों में काम किया और अभिनय से दर्शकों का ध्यान खींचा।
टीवी इंडस्ट्री में भी प्रार्थना बेहेरे ने मजबूत पहचान बनाई। उन्होंने जी टीवी के लोकप्रिय शो ‘पवित्र रिश्ता’ में वैशाली करंजकर का किरदार निभाया, जिससे उन्हें घर-घर में पहचान मिली। इसके बाद उन्होंने हिंदी फिल्मों में भी कदम रखा। साल 2011 में उन्होंने ‘लव यू मिस्टर कलाकार’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया और उसी साल ‘बॉडीगार्ड’ में भी नजर आईं।
मराठी फिल्मों में प्रार्थना ने ‘मितवा’, ‘कॉफी एनी बराच काही’, ‘वक्रतुंड महाकाय’, ‘मिस्टर एंड मिसेज सदाचारी’ और ‘फुगे’ जैसी फिल्मों में काम किया।
–आईएएनएस
पीके/एबीएम